हरियाणा विधानसभा चुनाव के बाद यूपी में बढ़ेगा सियासी पारा,उपचुनाव में प्रत्याशियों को लेकर मंथन तेज
लखनऊ।हरियाणा विधानसभा चुनाव के बाद उत्तर प्रदेश में सियासी पारा बढ़ेगा। 10 विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव के लिए राजनीतिक पार्टियों में प्रत्याशियों को लेकर मंथन तेज हो गया है।कई सीटों पर राजनीति पार्टियों ने संभावित प्रत्याशी को जनता के बीच उतार दिया है। 2027 विधानसभा चुनाव से पहले होने वाले इस उपचुनाव के लिए राजनीतिक पार्टियां पूरी दमखम से मैदान में उतरने जा रही हैं।
10 विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव के लिए अक्टूबर महीने के आखिरी में चुनाव आयोग तारीख की घोषणा कर सकता है।जिन दस विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होना है, उसमें करहल,मिल्कीपुर,कटेहरी,कुंदरकी,गाजियाबाद,खैर,मीरापुर,फूलपुर,मंझवा और सीसामऊ शामिल है।यहां उपचुनाव को लेकर राजनीतिक पार्टियां अलर्ट हैं।उन्होंने प्रत्याशियों पर मन्थन तेज कर दिया है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी बीते दिनों हापुड़ के एक कार्यक्रम में जल्द प्रत्याशी घोषित करने का दावा कर चुके हैं।चौधरी का कहना था कि जैसे ही चुनाव की घोषणा होगी, वैसे ही भाजपा अपने कैंडिडेट्स की लिस्ट भी जारी कर देगी।वहीं भाजपा सदस्यता अभियान के जरिए जमीन पर मजबूत पकड़ बनाने में जुटी है।साथ ही रालोद समेत उसके सहयोगी पार्टियां भी चुनावी तैयारी में लगी हैं।गठबंधन के तहत रालोद को मीरापुर सीट मिलने की संभावना है। इसके लिए पार्टी के मंत्री अनिल कुमार को प्रभारी बनाया गया है।
सपा-कांग्रेस की ग़ठबंधन की तस्वीर अभी साफ नहीं हो पाई है।ऐसे में कांग्रेस और सपा फिलहाल दोनों सभी 10 विधानसभा सीटों पर तैयारियों के दावे कर रही है।कांग्रेस ने सभी सीटों पर प्रभारी और सीटवार वॉर रूम भी बना दिये हैं। सपा ने करहल सीट पर पूर्व सांसद तेज प्रताप सिंह यादव को तैयारी में जुटने के लिए कह दिया गया है।फैजाबाद सांसद अवधेश प्रसाद मिल्कीपुर से अपने बेटे अजीत प्रसाद के लिए तैयारी कर रहे हैं।अजीत प्रसाद को टिकट दिए जाने का भरोसा भी सपा नेतृत्व से मिल चुका है।कटेहरी विधानसभा सीट सांसद लालजी वर्मा के सांसद चुने जाने से खाली हुई है और यहां से उनकी बेटी छाया वर्मा के लिए संकेत दे दिए गए हैं।कुंदरकी से पूर्व विधायक रिजवान तैयारी में जुट गए हैं। खैर में ओमपाल सिंह ने संपर्क शुरू कर दिया है। ओमपाल सिंह वर्ष 2017 का चुनाव वहां से रालोद के टिकट पर लड़े थे। मीरापुर से पूर्व विधायक कादिर राणा और सीसामऊ से इरफान सोलंकी के परिवार के ही किसी सदस्य को लड़ाए जाने की पूरी संभावना है।गाजियाबाद,मझवा और फूलपुर सीटों के लिए अभी मंथन चल रहा है।बसपा ने सभी सीटों पर अपने विधानसभा प्रभारी बना दिए हैं।यह क्षेत्र में दौरा कर रहे हैं।इन्हें ही चुनाव के लिए टिकट भी मिलने की संभावना है। उधर आजाद समाज पार्टी भी 5 सीटों पर प्रभारी तय कर चुकी है।