एक दिवसीय निःशुल्क दिव्यांग रोजगार मेले का हुआ आयोजन, मेले में 85 दिव्यांग अभ्यर्थियों को मिला रोजगार।
मौके पर ही नियुक्ति पत्र/आफर लैटर पाकर चयनित दिव्यांग अभ्यर्थियों के खिले चेहरे।
आगरा-शासन/विभाग के निर्देशानुसार क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय आगरा एवं अमेरिकन इण्डिया फाउण्डेशन के संयुक्त तत्वाधान में क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, साई का तकिया एम.जी. रोड, आगरा में एक दिवसीय निःशुल्क दिव्यांग रोजगार मेले का आयोजन किया गया। यह जानकारी सहायक निदेशक (सेवायोजन) चन्द्रचूड़ दुबे ने देते हुए बताया कि रोजगार मेले में कोजेन्ट ई-सर्विसेज, निवा भूपा इन्श्योरेन्स, अमेजोन, कम्पास ग्रुप. केयर हैल्थ इन्श्योरेन्स, टैली परफोरमेन्स, सारथी सी०आर०एम० लि०, अशोक ऑटो सेल्स लि०. एल०आई०सी० आदि कम्पनियों ने बेरोजगार दिव्यांग अभ्यर्थियों का साक्षात्कार कर चयन प्रक्रिया का सम्पादन किया।
सहायक निदेशक (सेवायोजन) आगरा मण्डल, आगरा श्री चन्द्रचूड़ दुबे ने अभ्यर्थियों को रोजगार संगम पोर्टल पर बेरोजगार अभ्यर्थियों हेतु उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी प्रदान की तथा पोर्टल पर पंजीयन के लाभ से अवगत कराया। सौरभ जिला रोजगार सहायता अधिकारी द्वारा अभ्यर्थियों की काउन्सिलिंग की गयी। इस अवसर पर उपस्थित सेवायोजन कार्यालय के स्टाफ द्वारा कार्यालय में ही अभ्यर्थियों का रजिस्ट्रेशन रोजगार संगम पोर्टल पर आनलाइन किया गया। रोजगार मेले में कुल 218 दिव्यांग अभ्यर्थियों द्वारा प्रतिभाग किया गया जिनमें से अन्तिम रूप से 85 दिव्यांग अभ्यर्थी चयनित/शार्ट लिस्ट किए गए। विभिन्न कंपनियों में चयनित अभ्यर्थियो को मौके पर ही नियुक्ति पत्र/आफर लैटर भी प्रदान किया गया।
उक्त अवसर पर डॉ० वी०के० गुप्ता, दिव्यांग सेवा चैरिटेबिल ट्रस्ट, आगरा का सराहनीय योगदान रहा और सेवायोजन कार्यालय से तरूण प्रकाश शर्मा, गोपाल स्वरूप शर्मा, प्रभात कुमार गुप्ता, अरूण शर्मा व अन्य कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
----------------------