आगरा में पांच करोड़ की लागत से बनेगी ये रोड नगर निगम करेगा खर्च. मेयर ने किया निरीक्षण, अतिक्रमण को देख हुई नाराज
आगरा महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा ने शनिवार को नगर निगम के ताजगंज जोन में सांसद राजकुमार चाहर और नगर निगम की टीम के साथ विकास कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान महापौर ने नगर निगम की सम्पत्ति पर अवैध कब्जों को रोकने और विकास कार्यों को शीघ्र कराने के निर्देश दिए।
सर्वप्रथम महापौर तोरा क्षेत्र में गई जहां पर क्षेत्रीय लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया। उन्होंने क्षेत्रीय लोगों को बताया कि नगर निगम द्वारा एकता चौकी से तोरा चौकी तक सड़क निर्माण किया जाएगा, जिसकी लागत लगभग पाँच करोड़ रुपये होगी। क्षेत्रवासियों ने इसके लिए महापौर का आभार जताया। महापौर ने इस रोड का निरीक्षण किया। इसके बाद वह ताजगंज क्षेत्र में चली गई जहां पर उन्होंने नगर निगम द्वारा पूर्व में संचालित डिस्पेंसरी व जच्चा बच्चा केंद्र का निरीक्षण किया। इस डिस्पेंसरी के जीर्णोद्धार का मुद्दा छावनी क्षेत्र के विधायक डॉ० जी०एस" धर्मेश द्वारा शुक्रवार को नगर निगम के बजट अधिवेशन के दौरान उठाया गया था। निरीक्षण के बाद महापौर ने कहा कि डिस्पेंसरी के जीर्णोद्धार हेतु शासन को प्रस्ताव भेजा जाएगा। इसके बाद महापौर ने ताजगंज थाने के पास स्मार्ट सिटी के रुके हुए कार्यों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को इन्हें जल्द से जल्द पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
महापौर जब तांगा स्टैंड पहुंची तो वह काफी नाराज हुईं। यहां पर उन्होंने पाया कि जिस तांगा स्टैंड का सौंदर्यीकरण पूर्व में नगर निगम द्वारा कराया गया था। उसको खराब कर दिया गया है और अतिक्रमण करके इस पर पुलिस चौकी बनाने का अवैध प्रयास किया जा रहा है। महापौर ने नगरायुक्त अंकित खण्डेलवाल को अवैध निर्माण को रोकने और दोबारा से तांगा स्टैंड के सौंदर्यीकरण कराने के निर्देश दिए। इस दौरान महापौर ने टीडीआई मॉल के पीछे पार्क में अवैध निर्माण को रोकने और उचित कार्रवाई करने के लिए भी अधिकारियों को निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त सुरेंद्र प्रसाद यादव सहित नगर निगम की अन्य अधिकारीगण की उपस्थिति रही।