आगरा पुलिस उपायुक्त यातायात सोनम कुमार द्वारा यातायात कंट्रोल रूम का आकस्मिक निरीक्षण किया गया।
जनपद आगरा:- पुलिस उपायुक्त यातायात सोनम कुमार द्वारा यातायात कंट्रोल रूम का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का उद्देश्य शहर की वर्तमान यातायात व्यवस्था, तकनीकी संसाधनों के उपयोग तथा मॉनिटरिंग प्रणाली की प्रभावशीलता का मूल्यांकन करना था।
निरीक्षण के दौरान पुलिस उपायुक्त, यातायात ने कंट्रोल रूम में स्थापित अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से शहर के विभिन्न प्रमुख चौराहों एवं संवेदनशील मार्गों की यातायात स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने यातायात की सुचारु आवाजाही, जाम की स्थिति, सिग्नल संचालन, ई-चालान प्रक्रिया तथा दुर्घटना संभावित क्षेत्रों की निगरानी व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की।
इस अवसर पर उन्होंने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों से संवाद कर उनकी कार्यप्रणाली, त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली(Response System) तथा आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिया कि किसी भी प्रकार की जाम अथवा दुर्घटना की सूचना प्राप्त होते ही त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा संबंधित फील्ड स्टाफ के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखा जाए।
पुलिस उपायुक्त, यातायात ने पीए(Public Address) सिस्टम के प्रभावी उपयोग पर विशेष जोर देते हुए कहा कि यातायात नियमों के प्रति आमजन को नियमित रूप से जागरूक किया जाए। साथ ही हेलमेट, सीट बेल्ट, ओवरस्पीडिंग, गलत दिशा में वाहन चलाने तथा रेड लाइट जंप जैसे उल्लंघनों पर सख्त निगरानी रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने ITMS के माध्यम से प्राप्त डेटा के विश्लेषण को और अधिक प्रभावी बनाने, सिग्नल टाइमिंग को ट्रैफिक लोड के अनुसार समायोजित करने तथा पीक आवर्स में विशेष मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। यातायात व्यवस्था को अधिक सुचारु, सुरक्षित एवं पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने पर बल दिया गया।