आगरा में सड़क धंसने से बस फंसी, जल निगम और नगर निगम पर लापरवाही का आरोप
आगरा मंगलवार दोपहर में मदिया कटरा तिराहे पर पानी की लाइन लीकेज होने के चलते अचानक सड़क धंस गई। सड़क के धंसने से वहां से गुजर रही एक बस का पहिया उसमें अंदर चला गया। इसके बाद बस में सवार लोगों के बीच में चीख पुकार मच गई।
क्षेत्रीय लोगों ने जल निगम और नगर निगम पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि कई दिनों से पानी की लाइन में लीकेज था, जिस वजह से सड़क के नीचे की मिट्टी बह जाने से वह अंदर पोली हो गई थी। उन्होंने नगर निगम और जल निगम को इस लापरवाही का जिम्मेदार बताया है।
मंगलवार दोपहर में मदिया कटरा तिराहे से वाहन निकल रहे थे। स्कूलों की छुट्टी होने की वजह से बच्चे और अभिभावक भी गुजर रहे थे। इसी दौरान अचानक सड़क धंस गई। यहां से गुजर रही रोडवेज बस का पहिया उसमें नीचे चला गया। बस का संतुलन बिगड़ने पर उसमें सवार सभी लोग घबरा गए।
सड़क के धंसने के कारण वाहनों की लंबी कतार लग गई। दिल्ली गेट तक जाम लग गया। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि उन्होंने नगर निगम और जल निगम में कई बार शिकायत की यहां पानी लीकेज हो रहा है किसी दिन कोई हादसा हो सकता है, लेकिन किसी ने कोई सुनवाई नहीं की। बता दें कि शहर में ऐसी कई जगह है जहां पानी लीकेज हो रहा है, लेकिन जिम्मेदारों के कानों में जूं नहीं रेंग रही है।