आरटीई मेले में लोगों ने निःशुल्क शिक्षा के पंजीकरण का उठाया लाभ - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

सोमवार, 16 फ़रवरी 2026

आरटीई मेले में लोगों ने निःशुल्क शिक्षा के पंजीकरण का उठाया लाभ

आरटीई मेले में लोगों ने निःशुल्क शिक्षा के पंजीकरण का उठाया लाभ

आगरा। उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वपूर्ण योजना निःशुल्क एवं अनिवार्य बाल शिक्षा का अधिकार अधिनियम (आर०टी०ई०) 2009 की धारा 12 (1) (सी) के अन्तर्गत रविवार को प्राथमिक विद्यालय नगला बूढ़ी नगर क्षेत्र आगरा में बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा विभिन्न एन०जी०ओ० के सहयोग से "आरटीई एडमिशन प्रोत्साहन मेले' का आयोजन किया गया। मेले का उद्घाटन मुख्य अतिथि प्रतिभा सिंह मुख्य विकास अधिकारी आगरा के द्वारा सरस्वती मां के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया।

मुख्य अतिथि प्रतिभा सिंह मुख्य विकास अधिकारी आगरा ने जनता को संबोधित करते हुए बताया कि आर०टी०ई० बच्चों के भविष्य को संवारने का एक बेहतर मौका है। यह अधिनियमि दुर्बल एवं अलाभित समूह के परिवार के बच्चों को अनिवार्य शिक्षा का अधिकार प्रदान करता है। शिक्षा का अधिकार सिर्फ कानून में लिखे शब्दों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसे हर बच्चे तक पहुँचाना आज की सबसे बड़ी चुनौती है। उन्होंने बताया कि इस योजना का अधिक से अधिक लोगों को लाभ मिल सके, इसी उद्देश्य से यह मेले का आयोजन किया गया। उन्होंने बताया कि आप सभी पात्र लोग अपने 03 वर्ष से 07 वर्ष तक के बच्चों का गैर सहायतित मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों में 25 प्रतिशत कोटे के अन्तर्गत निःशुल्क प्रवेश कर कक्षा-08वीं तक निःशुल्क शिक्षा प्राप्त करवा सकते हैं। जनपद आगरा में 15 हजार से अधिक बच्चे वर्तमान में इस योजना से लाभान्वित हैं। सरकार का उद्देश्य प्रत्येक ऐसे पात्र बच्चे को इस योजना से जोड़ना है, जो निशुल्क एवं अनिवार्य बाल शिक्षा का अधिकार से वंचित हैं। उनके द्वारा इस दौरान दो प्रचार वाहन को भी झंडी दिखाकर रवाना किया गया, जिसके माध्यम से आसपास के लोगों को योजना से जागरूक किया जाएगा।

जितेन्द्र कुमार गोंड, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आगरा ने बताया कि बी०एस०ए० कार्यालय पर आर०टी०ई० सेल स्थापित है। बच्चे का निःशुलक प्रवेश हेतु आवेदन की प्रक्रिया ऑनलाइन है। ऑनलाइन फार्म भरते समय बच्चे का जन्म प्रमाण पत्र, परिवार की आय प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र जैसे आवश्यक दस्तावेज उन्हें आसानी से उपलब्ध हों, इसके लिए प्रशासन के अधिकारियों से वार्ता भी की गयी, जिनके द्वारा आश्वासन दिया गया है कि जो लोग इन आवश्यक दस्तावेजों को बनवाने में कठिनाई महसूस कर रहे हैं वे संबंधित तहसील में जाकर दस्तावेज को आसानी से तैयार करवाकर उक्त योजना हेतु अपने बच्चों का आवेदन करवा सकते हैं। बीएसए आगरा ने यह भी बताया कि पात्र व्यक्ति जिस वार्ड के निवासी हैं, वे उसी वार्ड के विद्यालय हेतु आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए एनजीओ और हमारे आईटी सेल की मदद ली जा सकती है।

एक पहल संस्था से मनीष राय ने बताया कि मेला सुबह 10 बजे से शुरू हुआ, जिसमें एक पहल संस्था, स्टेप फॉर फ्यूचर संस्था और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने स्टॉल लगाए और बच्चों तथा अभिभावकों को शिक्षा के अधिकार, आवेदन प्रक्रिया, आरटीई के तहत उपलब्ध सुविधाओं और आर्थिक लाभ जैसी योजनाओं के बारे में जानकारी दी। मेले में एक शिक्षा सहायता बूथ भी लगाया गया, जहाँ पर अभिभावकों के सवालों का जवाब दिया गया और उनके बच्चों के नामांकन के लिए ट्रेनिंग तथा आवेदन सहायता दी गई। मेले में 160 से अधिक अभिभावकों द्वारा अपने बच्चों के रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया का लाभ उठाया। इससे पूर्व विभाग की टीम द्वारा कार्यक्रम में मौजूद पार्षद भरत शर्मा, प्रेमदास चौधरी का मोमेंटो देकर सम्मान किया गया। कार्यक्रम में अंकित खंडेलवाल, नवीन कुमार, अश्लेष मित्तल आदि मौजूद रहे।
...........

video

Pages