आगरा: आंखों में मिर्च झोंककर किसान से 8 लाख की सनसनीखेज लूट
फतेहाबाद (आगरा)। ताजनगरी के थाना फतेहाबाद क्षेत्र में शुक्रवार शाम बेखौफ बदमाशों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया। बाइक सवार तीन बदमाशों ने खेत बेचकर बैंक का कर्ज चुकाने जा रहे भतीजे और चाचा की आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया और रुपयों से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। विरोध करने पर बदमाशों ने वृद्ध को करीब 50 मीटर तक सड़क पर घसीटा और जान से मारने की धमकी दी।
कर्ज चुकाने के लिए बेचा था खेत
जानकारी के अनुसार, गांव अई निवासी भगवती प्रसाद ने बैंक से 3 लाख रुपये का ऋण लिया था, जो ब्याज समेत अब 8 लाख रुपये हो गया था। इस कर्ज को चुकाने के लिए उन्होंने हाल ही में अपना खेत बेचा था। शुक्रवार शाम करीब 5 बजे भगवती प्रसाद का बेटा निहाल सिंह और उनके चाचा बच्चू सिंह स्प्लेंडर बाइक से 8 लाख रुपये लेकर गांव लौट रहे थे। भगवती प्रसाद फतेहाबाद बाईपास रोड पर साप्ताहिक बाजार में सामान लेने रुक गए थे।
मिर्च झोंकी और 50 मीटर तक घसीटा
जैसे ही निहाल और बच्चू सिंह गांव के पास प्रेमचंद डीलर के घर वाले मोड़ पर पहुंचे, पीछे से आए अपाचे सवार तीन बदमाशों ने उनकी आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया। बच्चू सिंह ने रुपयों वाला बैग कसकर पकड़ लिया, तो बदमाशों ने उन्हें छोड़ देने के लिए करीब 50 मीटर तक सड़क पर घसीटा। जब बदमाशों ने तमंचा निकालकर गोली मारने की धमकी दी, तब जाकर उन्होंने बैग छोड़ा।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
वारदात की सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर तरुण धीमान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पीड़ितों से पूछताछ की और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।
वर्जन:
"घटना की जानकारी मिलते ही टीम गठित कर दी गई है। संदिग्धों की तलाश में दबिश दी जा रही है। जल्द ही लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।"