आगरा मंडल की सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग में आगरा फिर से फिसड्डी - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

गुरुवार, 26 मार्च 2026

आगरा मंडल की सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग में आगरा फिर से फिसड्डी

आगरा मंडल की सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग में आगरा फिर से फिसड्डी

आगरा। सीएम डैशबोर्ड की रैंकिंग में आगरा मंडल में फिर से फिसड्डी रहा है। आगरा की 58वीं रैंक आई है, जबकि मथुरा की 41, फिरोजाबाद की 30 और मैनपुरी 4वें स्थान पर रहा। आगरा की रैंकिंग को देख मंडलायुक्त ने भी चिंता व्यक्त की और जिला अधिकारी को रैंकिंग सुधारने के निर्देश दिए।

मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप की अध्यक्षता में आईजीआरएस, सीएम डैशबोर्ड व मंडलीय विकास कार्यों की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में आईजीआरएस में प्राप्त प्रकरणों एवं निस्तारण की समीक्षा हुई। मंडलीय प्रभारी व अपर आयुक्त द्वारा अवगत कराया गया कि फरवरी माह में मंडल की 9वीं रैंक आई है।

समीक्षा करते हुए अवगत कराया गया कि मंडल में संतोषजनक फीडबैक और शिकायतकर्ता से संपर्क किए जाने के प्रतिशत में वृद्धि हुई है, जबकि जनपदवार समीक्षा में विगत माह की अपेक्षा फरवरी माह में आगरा के अलावा सभी जनपदों में प्रतिशत गिरा है।

आयुष्मान भारत में राज्य कर्मचारी कैशलैस योजना के तहत हेल्थ कार्ड बनाए जाने के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। पीएम सूर्य घर योजना मुफ्त बिजली योजना में निर्देश दिए कि मंडल में संयंत्र स्थापित किए जाने के कार्य में प्रगति बढ़ाई जाए। कृषि विभाग के अंतर्गत किसान पंजीयन में निर्धारित लक्ष्य की पूर्ण प्राप्ति को मंडल में अभियान चलाकर पंजीकरण में तेजी लाई जाए।

ग्राम्य विकास के तहत सीएम आवास ग्रामीण में स्वीकृत आवासों के सापेक्ष चारों जिलों में शत प्रतिशत प्रथम किश्त निर्गत करने के निर्देश दिए। उद्योग विभाग में ओडीओपी वित्त पोषण हेतु सहायता योजना में मथुरा में पूर्ण लक्ष्य की प्राप्ति के निर्देश दिए गए।

महिला कल्याण के अंतर्गत रानी लक्ष्मीबाई योजना की समीक्षा में आयुक्त ने सभी जिलाधिकारियों को संबंधित विभाग से समन्वय कर सभी लंबित प्रकरणों के निस्तारण में तेजी लाने के लिए निर्देशित किया।

video

Pages