आपत्तिजनक रील पोस्ट करने पर यूट्यूबर संजना यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज
आगरा में सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक रील पोस्ट करने के मामले में एक यूट्यूबर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि इंस्टाग्राम पर पोस्ट की गई रील में आगरा के एक अधिवक्ता की फोटो लगाकर उन्हें गाली दी गई और अपमानजनक टिप्पणी की गई।
मुकदमा अधिवक्ता देवेन्द्र यादव उर्फ दीपक की तहरीर पर थाना न्यू आगरा में दर्ज किया गया है। अधिवक्ता का आरोप है कि नोएडा निवासी यूट्यूबर संजना यादव ने इंस्टाग्राम पर एक रील पोस्ट की, जिसमें उनकी फोटो का इस्तेमाल करते हुए अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया और उनकी छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई। देवेन्द्र यादव का कहना है कि यह पोस्ट मुकदमे की पैरवी को लेकर चल रही रंजिश के कारण की गई है। उन्होंने पुलिस को सोशल मीडिया पोस्ट से जुड़े इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य भी उपलब्ध कराए हैं, जिनमें रील और उससे संबंधित सामग्री शामिल है। तहरीर के आधार पर थाना न्यू आगरा पुलिस ने आरोपी यूट्यूबर के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और उपलब्ध डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी