बरहन पुलिस की तत्परता: घर से लापता 15 वर्षीय बालक को 5 घंटे में सुरक्षित ढूंढा
पुलिस का उद्देश्य केवल कानून व्यवस्था बनाए रखना नहीं, बल्कि समाज के हर नागरिक की सुरक्षा और संकट में उनकी मदद करना है
जनपद आगरा:-पुलिस कमिश्नरेट आगरा की बरहन थाना पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए एक लापता बालक को महज 5 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में काफी सराहना हो रही है।
सोमवार 27 अप्रैल 2026 को ग्राम नगला धौकल खाण्डा निवासी श्री राजकुमार यादव ने यूपी 112 के माध्यम से पुलिस को सूचना दी कि उनका 15 वर्षीय बेटा बिना बताए घर से कहीं चला गया है। परिजनों ने बताया कि सुबह करीब 5:00 बजे जब उन्होंने देखा तो बालक घर पर नहीं था।
सूचना मिलते ही थाना बरहन पुलिस टीम तुरंत हरकत में आई। थाना प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में टीम ने बालक की तलाश शुरू की। पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर पूछताछ की और हुलिए के आधार पर पहचान पुख्ता की। पुलिस टीम ने क्षेत्र के सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ-साथ स्थानीय ग्रामीणों और मुखबिरों से संपर्क भी साधा।
कड़ी मेहनत और तकनीकी सहायता के बाद पुलिस टीम ने लापता बालक को बरहन आगरा रेलवे स्टेशन से सकुशल ढूंढ निकाला। बालक को सुरक्षित पाकर परिजनों की आंखों में खुशी के आंसू छलक आए। परिजनों ने बरहन पुलिस की कार्यशैली और संवेदनशीलता की जमकर प्रशंसा की।