आगरा में रेलवे लाइन चौकी इंचार्ज की तत्परता: 30 मिनट में बिछड़ा 3 वर्षीय मासूम परिजनों से मिलाया
आगरा के थाना मंटोला क्षेत्र में पुलिस की सजगता और त्वरित कार्रवाई का सराहनीय उदाहरण देखने को मिला, जहां एक 3 वर्षीय मासूम बच्चा अपने परिजनों से बिछड़ गया था, लेकिन महज 30 मिनट में उसे सुरक्षित उसके परिवार से मिला दिया गया।
घटना शाम करीब 7 बजे की है, जब मासूम अचानक अपने परिजनों से अलग हो गया। काफी तलाश के बाद भी जब परिजनों को बच्चा नहीं मिला तो चिंता बढ़ गई। इसी दौरान बच्चा एक चाय की दुकान पर अकेला मिला, जिसकी सूचना पुलिस को दी गई।
मौके पर पहुंचे थाना मंटोला के अंतर्गत रेलवे लाइन चौकी इंचार्ज श्रद्धेय शुक्ला ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। उन्होंने आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई और बच्चे की पहचान कराने के प्रयास तेज किए।
पुलिस की सक्रियता का परिणाम यह रहा कि मात्र 30 मिनट के भीतर ही बच्चे के परिजनों का पता लगाकर उसे सकुशल उनके हवाले कर दिया गया।
मासूम के पिता मतीन, निवासी घाटी मामू भांजा, थाना मंटोला ने चौकी इंचार्ज श्रद्धेय शुक्ला और पुलिस टीम का आभार व्यक्त करते हुए उनकी कार्यशैली की जमकर प्रशंसा की।