आगरा में आंधी-बारिश का कहर: यूनिपोल और गेट गिरे, शहर में अफरातफरी, सुरक्षा पर उठे सवाल - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

बुधवार, 8 अप्रैल 2026

आगरा में आंधी-बारिश का कहर: यूनिपोल और गेट गिरे, शहर में अफरातफरी, सुरक्षा पर उठे सवाल

आगरा में आंधी-बारिश का कहर: यूनिपोल और गेट गिरे, शहर में अफरातफरी, सुरक्षा पर उठे सवाल

आगरा। मंगलवार दोपहर बाद अचानक बदले मौसम ने शहर की रफ्तार थाम दी। करीब 2:30 बजे काले बादल छाने के साथ तेज आंधी और हल्की बारिश शुरू हो गई, जिससे जहां लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली, वहीं कई जगह नुकसान और अफरातफरी का माहौल बन गया।

पंचकुइया चौराहे पर टला बड़ा हादसा
तेज हवाओं के चलते पंचकुइया चौराहे पर नगर निगम का यूनिपोल अचानक गिर पड़ा। नीचे ठेले पर बैठी महिला बाल-बाल बच गई, लेकिन उसका सामान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया और स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़ पड़े।

एमडी जैन इंटर कॉलेज के बाहर गिरा शादी का गेट
तेज आंधी का असर एमडी जैन इंटर कॉलेज के बाहर भी देखने को मिला, जहां शादी समारोह के लिए लगाया गया लोहे का सजावटी गेट गिर गया। गेट के नीचे खड़ा एक ऑटो दब गया। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन घटना ने अस्थायी ढांचों की मजबूती पर सवाल खड़े कर दिए।

पेड़ गिरे, यातायात बाधित
आंधी का असर शहर के कई हिस्सों में देखने को मिला। जगह-जगह पेड़ टूटकर सड़कों पर गिर गए, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। धूल भरी हवाओं के कारण विजिबिलिटी कम हो गई और दोपहिया वाहन चालकों को खास परेशानी का सामना करना पड़ा। कई इलाकों में बिजली आपूर्ति भी बाधित हुई।

सीएम कार्यक्रम स्थल पर भी अफरातफरी
तेज हवाओं और मौसम के अचानक बदलाव का असर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम स्थल पर भी देखने को मिला। कुछ देर के लिए अफरातफरी की स्थिति बनी, हालांकि प्रशासन ने जल्द ही हालात संभाल लिए।

राहत के साथ चेतावनी
मौसम ने जहां गर्मी से राहत दी, वहीं प्रशासनिक तैयारियों की पोल भी खोल दी। यूनिपोल, होर्डिंग, अस्थायी गेट और कमजोर पेड़ों की स्थिति अब सवालों के घेरे में है। यह घटनाक्रम संकेत देता है कि आने वाले दिनों में आंधी-बारिश के ऐसे दौर बढ़ सकते हैं, ऐसे में प्रशासन को सतर्क रहते हुए सुरक्षा इंतजाम और मजबूत करने होंगे।

video

Pages