आगरा में लेंसकार्ट शोरूम पर हंगामा, देशभर में कंपनी की पॉलिसी को लेकर विरोध - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

बुधवार, 22 अप्रैल 2026

आगरा में लेंसकार्ट शोरूम पर हंगामा, देशभर में कंपनी की पॉलिसी को लेकर विरोध

आगरा में लेंसकार्ट शोरूम पर हंगामा, देशभर में कंपनी की पॉलिसी को लेकर विरोध

आगरा। शहर के मानस नगर स्थित लेंसकार्ट शोरूम पर मंगलवार को अखिल भारत हिंदू महासभा के कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा और प्रदर्शन किया। तिलक और कलावा लेकर पहुंचे प्रदर्शनकारियों ने शोरूम में प्रवेश करने की कोशिश की, लेकिन मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने शोरूम के बाहर ही विरोध जताया और कंपनी के खिलाफ नारेबाजी की।

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि वे शोरूम के कर्मचारियों को तिलक लगाने और कलावा पहनाने की मांग कर रहे थे। अंदर प्रवेश न मिलने पर उन्होंने शोरूम के पोस्टर को सड़क पर गिराकर विरोध दर्ज कराया और लोगों से लेंसकार्ट से खरीदारी न करने की अपील की। प्रदर्शन के दौरान कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण बना रहा, जिसे पुलिस ने समझाइश देकर शांत कराया।

दरअसल, यह विरोध केवल आगरा तक सीमित नहीं है, बल्कि देश के कई हिस्सों में लेंसकार्ट के खिलाफ प्रदर्शन देखने को मिल रहे हैं। इसकी वजह कंपनी की एक पूर्व ड्रेस कोड पॉलिसी बताई जा रही है, जिसमें कर्मचारियों को तिलक, बिंदी और कलावा जैसे धार्मिक प्रतीक पहनने से रोका गया था।

हालांकि, विवाद बढ़ने के बाद कंपनी ने अपनी पॉलिसी में बदलाव किया है। लेंसकार्ट के सीईओ पीयूष बंसल ने इस मुद्दे पर माफी भी मांगी है। नई पॉलिसी के अनुसार अब कर्मचारी कंपनी की टी-शर्ट, गहरे नीले रंग की जींस और बंद जूते पहनेंगे, वहीं कड़ा, चूड़ियां, मंगलसूत्र और कलावा जैसे सांस्कृतिक व धार्मिक प्रतीक पहनने की अनुमति दी गई है।

फिलहाल, पुलिस प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए सतर्क है।

video

Pages