परशुराम चौक की घटना पर सियासत गरम: विधायक खंडेलवाल ने पुलिस आयुक्त से की सख्त कार्रवाई की मांग
आगरा। आवास विकास कॉलोनी स्थित भगवान परशुराम चौक पर हुई अमर्यादित घटना को लेकर अब सियासी और सामाजिक प्रतिक्रिया तेज होती जा रही है। क्षेत्रीय विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस आयुक्त दीपक कुमार से बातचीत कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई है।
विधायक खंडेलवाल ने कहा कि आगरा हमेशा से आस्था, परंपरा और आपसी सौहार्द की पहचान रहा है, जहां सभी वर्गों के लोग अपने-अपने महापुरुषों और इष्टों के प्रति सम्मान के साथ आयोजन करते हैं। ऐसे में मंगलवार को कुछ अवांछनीय तत्वों द्वारा परशुराम चौक पर की गई हरकत न सिर्फ निंदनीय है, बल्कि शहर की सांस्कृतिक विरासत पर भी आघात है।
उन्होंने पुलिस प्रशासन से स्पष्ट शब्दों में कहा कि इस तरह की घटनाओं को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए और दोषियों की पहचान कर तत्काल कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही उन्होंने चेताया कि यदि समय रहते सख्ती नहीं बरती गई, तो असामाजिक तत्व भविष्य में माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर सकते हैं।
खंडेलवाल ने यह भी कहा कि ऐसी घटनाएं सामाजिक सौहार्द और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाती हैं, जिससे शहर का शांतिपूर्ण वातावरण प्रभावित होता है। इसलिए प्रशासन की जिम्मेदारी है कि वह त्वरित और प्रभावी कदम उठाकर कानून-व्यवस्था को पूरी मजबूती के साथ बनाए रखे।
शहर में बढ़ी सतर्कता
घटना के बाद स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों में भी आक्रोश देखा जा रहा है। पुलिस प्रशासन मामले की जांच में जुटा है और इलाके में अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति को रोका जा सके।