मुक्त भारत अभियान के तहत आगरा में नशा उन्मूलन सेमिनार हुआ आयोजित, युवाओं को जागरूक रहने का दिया गया संदेश
आगरा:-डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा के छात्र कल्याण विभाग एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत सेठ पदमचंद प्रबंध संस्थान, आगरा में नशा उन्मूलन विषयक एक जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रोफेसर भूपेन्द्र स्वरूप शर्मा की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का संचालन विश्वविद्यालय की एनएसएस समन्वयक डॉ. पूनम तिवारी द्वारा किया गया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन सह-अधिष्ठाता डॉ. रुचिरा प्रसाद द्वारा प्रस्तुत किया गया।
इस अवसर पर मुख्य वक्ता मद निषेध विभाग के श्री विमल साहू ने नशा मुक्ति की व्यापक व्याख्या करते हुए कहा कि “नशा केवल मादक पदार्थों तक सीमित नहीं है, बल्कि आज के दौर में इंटरनेट एवं मोबाइल का अत्यधिक उपयोग भी एक प्रकार का नशा बनता जा रहा है, जो युवाओं के मानसिक, सामाजिक एवं व्यवहारिक जीवन पर गहरा प्रभाव डाल रहा है।” उन्होंने नशा मुक्ति के लिए उपलब्ध सेवाओं की जानकारी देते हुए बताया कि एडिक्शन सेंटर की हेल्पलाइन संख्या 14446 पर संपर्क कर सहायता प्राप्त की जा सकती है।
विशिष्ट वक्ता हरिपर्वत थाना, आगरा की निरीक्षक सुश्री वैषाली चौधरी ने अपने संबोधन में नशे के सामाजिक एवं कानूनी दुष्परिणामों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि “अधिकांश मामलों में परिवारों के विघटन का प्रमुख कारण नशा होता है। इसके अतिरिक्त सड़क दुर्घटनाओं में भी नशा एक महत्वपूर्ण कारक के रूप में सामने आता है।” उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने तथा कानून के प्रति जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के प्रश्नोत्तर सत्र में मोइन संदली, अनुराग सहित अन्य विद्यार्थियों ने अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। आयोजन में शिवम सारस्वत, अमन सिकरवार, कुर्बान एवं उत्कर्ष ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया।
कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने नशा मुक्त समाज के निर्माण हेतु सामूहिक संकल्प लिया। इस अवसर पर निशांत चौहान, डॉ. के. के. पचौरी, डॉ. प्रवीण कुमार, अर्पिता दूबे एवं श्वेता गुप्ता सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
---------------