पुलिस लाइन्स में वार्षिक निरीक्षण: अनुशासन, दक्षता और संसाधन प्रबंधन पर विशेष जोर
आगरा:- पुलिस आयुक्त, कमिश्नरेट आगरा दीपक कुमार (IPS) के निर्देशन में पुलिस उपायुक्त लाइन्स आगरा आदित्य द्वारा रिजर्व पुलिस लाइन्स में शुक्रवार परेड की सलामी ली गई। इस अवसर पर परेड में उपस्थित सभी अधिकारी एवं कर्मचारीगण का टर्नआउट चेक करते हुए अनुशासन, एकरूपता और कार्यकुशलता का गहन निरीक्षण किया गया। साथ ही संपूर्ण ड्रिल की कार्यवाही विधिवत संपन्न कराई गई।
परेड ग्राउंड में पुलिस कर्मियों को दंगा नियंत्रण उपकरणों एवं शस्त्रों के संचालन का अभ्यास कराया गया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, जिससे किसी भी आकस्मिक स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
परेड के उपरांत पुलिस उपायुक्त लाइन्स द्वारा पुलिस लाइन्स परिसर स्थित विभिन्न शाखाओं और कार्यालयों का वार्षिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अभिलेखों के रख-रखाव, कार्यालयों की साफ-सफाई, शस्त्रों व उपकरणों की स्थिति, वाहनों की देखरेख तथा अन्य प्रशासनिक व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया गया। अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि सभी अभिलेख अद्यतन और सुव्यवस्थित रखे जाएं, परिसर में स्वच्छता बनाए रखी जाए तथा उपलब्ध संसाधनों का उचित रख-रखाव सुनिश्चित किया जाए।
इसके अतिरिक्त शस्त्रों और दंगा नियंत्रण उपकरणों की समय-समय पर जांच एवं अभ्यास करते रहने के निर्देश भी दिए गए, ताकि आपात स्थितियों में पुलिस बल पूरी तरह सक्षम और तत्पर रहे। निरीक्षण के दौरान अर्दली रूम में विभिन्न रजिस्टरों की समीक्षा की गई और लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण, कार्यों में पारदर्शिता एवं समयबद्धता बनाए रखने पर जोर दिया गया।
इस अवसर पर सहायक पुलिस आयुक्त लाइन्स इमरान अहमद सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में पुलिस उपायुक्त लाइन्स ने समस्त पुलिस बल को कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने हेतु प्रेरित करते हुए कहा कि सुदृढ़ व्यवस्थाएं और नियमित निरीक्षण ही प्रभावी पुलिसिंग की आधारशिला हैं, जिससे आमजन में सुरक्षा और विश्वास की भावना और अधिक मजबूत होती है।