आगरा में स्कूल के अंदर छात्र के दनादन मुक्के मारकर तोड़ दिए चार दांत जबड़े में भी आई चोट
आगरा के शास्त्रीपुरम स्थित डीपीएस में हाईस्कूल के दो छात्रों के बीच विवाद के बाद मारपीट हो गई. एक छात्र ने दूसरे छात्र के मुंह पर दनादन मुक्के मारे जिससे दूसरे छात्र के चार दांत टूट गए और उसका जबड़ा भी बुरी तरह से चोटिल हो गया. परिजनों के पहुंचने पर छात्र को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पिता ने स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है. थाना पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की है।
घायल छात्र के पिता पीयूष शाह मार्केट में मोबाइल शॉप चलाते हैं और यूट्यूबर हैं. उन्होंने बताया कि शनिवार को उनका बेटा स्कूल गया था. आधा घंटे बाद स्कूल से फोन आता है कि आपके बेटे को चोट लग गई है और उसे स्कूल से आकर ले जाएं. जब वो स्कूल पहुंचे तो देखा कि बेटे के मुंह से खून निकल रहा है और उसके मुंह में रूई थी. स्कूल की आया उसे पकड़ी हुई थी. पिता ने स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है और कहा कि उसके बच्चे को फर्स्ट एड तक नहीं दी गई. पिता ने इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड किया है. बच्चे का इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है. वीडियो वायरल होने के बाद पिता ने पुलिस को शिकायत की है. पुलिस मामले की जांच कर रही है।