आगरा ट्रैफिक पुलिस रफ़्तार पर 'रडार' का पहरा: यमुना एक्सप्रेसवे और NH-19 पर आगरा ट्रैफिक पुलिस की बड़ी कार्यवाही
आगरा:- सड़क हादसों पर प्रभावी अंकुश लगाने और हाईवे को सुरक्षित बनाने के लिए डीसीपी ट्रैफिक सोनम कुमार के नेतृत्व में आगरा पुलिस ने 'जीरो टॉलरेंस' नीति के तहत विशेष अभियान चलाया। यमुना एक्सप्रेसवे और NH-19 पर हाईटेक स्पीड रडार गन की मदद से ओवरस्पीडिंग करने वाले वाहनों की धरपकड़ की गई और नियमों का उल्लंघन करने वालों के भारी संख्या में चालान काटे गए।
डीसीपी ट्रैफिक ने बताया कि हाईवे पर होने वाली अधिकांश दुर्घटनाओं की जड़ 'अत्यधिक रफ़्तार' है। इसे नियंत्रित करने के लिए अब पुलिस पारंपरिक तरीकों के बजाय आधुनिक स्पीड रडार गन का उपयोग कर रही है। यह डिवाइस दूर से ही वाहन की सटीक गति को पकड़ लेती है जिससे तेज रफ़्तार वाहनों पर तत्काल विधिक कार्रवाई सुनिश्चित हो रही है।
मकसद जुर्माना नहीं, जन-सुरक्षा है
अभियान के दौरान डीसीपी ट्रैफिक सोनम कुमार ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा हमारा उद्देश्य चालान काटना या राजस्व जुटाना नहीं, बल्कि हर नागरिक की सुरक्षित घर वापसी सुनिश्चित करना है। सड़क पर आपकी एक छोटी सी लापरवाही न केवल आपके परिवार बल्कि दूसरों के लिए भी जानलेवा हो सकती है।
वाहन चालकों के लिए जरूरी अपील:-डीसीपी ट्रैफिक ने वाहन चालकों से निम्नलिखित नियमों के पालन का आग्रह किया है-
गति सीमा का सम्मान:-एक्सप्रेसवे और हाईवे पर निर्धारित स्पीड लिमिट के भीतर ही वाहन चलाएं।
सुरक्षा कवच:- कार में सीट बेल्ट और दोपहिया पर हेलमेट का प्रयोग अनिवार्य रूप से करें।
लेन ड्राइविंग:-सुरक्षित सफर के लिए हमेशा निर्धारित लेन में चलें और अचानक लेन न बदलें।
जारी रहेगी सख्त निगरानी:-
डीसीपी ट्रैफिक ने चेतावनी दी है कि यह अभियान केवल आज तक सीमित नहीं है बल्कि आने वाले दिनों में और भी सघनता से जारी रहेगा। नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी ताकि भविष्य में सड़क दुर्घटनाओं को न्यूनतम स्तर पर लाया जा सके।