नाले में डिब्बे में मिली नवजात बच्ची की लाश, इलाके में सनसनी
आगरा। शहर के कोतवाली क्षेत्र से इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक नवजात बच्ची का शव डिब्बे में भरकर नाले में फेंका हुआ मिला। इस हृदयविदारक घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और लोगों में आक्रोश व दहशत का माहौल बन गया।
मामला थाना कोतवाली क्षेत्र के पथवारी मेन गेट का है। रविवार को स्थानीय लोगों की नजर नाले में पड़े एक संदिग्ध डिब्बे पर पड़ी, जिसमें से नवजात बच्ची का शव आंशिक रूप से बाहर निकला हुआ था। बताया जा रहा है कि बच्ची के शव को डिब्बे में बंद कर नाले में फेंका गया था, लेकिन फेंकते समय उसका कुछ हिस्सा बाहर रह गया। इसी दौरान आवारा कुत्ते शव को नोचते हुए दिखाई दिए, जिसे देखकर मौके पर मौजूद लोगों का दिल दहल गया।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के क्षेत्र से भारी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए। हर कोई इस अमानवीय कृत्य को लेकर स्तब्ध नजर आया। लोगों के बीच इस बात को लेकर चर्चा रही कि बच्ची को जिंदा फेंका गया या उसकी पहले ही मौत हो चुकी थी।
सूचना पर थाना कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि इस घिनौनी वारदात को अंजाम देने वाले व्यक्ति या व्यक्तियों तक पहुंचा जा सके।
इस घटना ने एक बार फिर समाज में गिरते मानवीय मूल्यों और संवेदनहीनता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।