आगरा कैंट से मथुरा तक रेल खंड का निरीक्षण, महाप्रबंधक ने सुधार के दिए निर्देश
आगरा। उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने गुरुवार को आगरा कैंट–मथुरा–भूतेश्वर रेल खंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेल परिचालन, ट्रैक की स्थिति और यात्री सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के क्रम में आगरा कैंट रेलवे स्टेशन, ईदगाह रेलवे स्टेशन, बाद रेलवे स्टेशन और मथुरा जंक्शन का विस्तृत निरीक्षण किया गया।
महाप्रबंधक ने बाद रेलवे स्टेशन पर रूट रिले इंटरलॉकिंग प्रणाली का गहन अवलोकन किया। इसके बाद मथुरा जंक्शन पर सर्कुलेटिंग एरिया, प्लेटफॉर्म, फुट ओवर ब्रिज, जलपान गृह, शौचालय और टिकट काउंटर जैसी यात्री सुविधाओं की समीक्षा की।
भूतेश्वर रेलवे स्टेशन पर चल रहे पुनर्विकास कार्यों का निरीक्षण करते हुए उन्होंने भविष्य की सुविधाओं को लेकर अधिकारियों के साथ चर्चा की। वहीं आगरा कैंट स्टेशन पर द्वितीय श्रेणी प्रतीक्षालय के पुनर्विकास और निर्माणाधीन दूसरे प्रवेश द्वार की प्रगति का भी जायजा लिया।
ईदगाह रेलवे स्टेशन पर भी द्वितीय प्रवेश द्वार, सर्कुलेटिंग एरिया और अन्य सुविधाओं का निरीक्षण कर महाप्रबंधक ने पाई गई कमियों को शीघ्र दूर करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर गगन गोयल, एस. एस. चंद्रयान और अखिल शुक्ल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
महाप्रबंधक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित और सुगम सेवाएं उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।