विधान परिषद याचिका समिति की समीक्षा बैठक संपन्न, लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश
आगरा में शनिवार को उत्तर प्रदेश विधान परिषद की याचिका समिति के मा. सभापति अशोक कुमार अग्रवाल की अध्यक्षता में नवीन सर्किट हाउस सभागार में जनपद स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों से संबंधित लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में समिति के सदस्य उमेश द्विवेदी, ऋषिपाल सिंह, मुकुल यादव, रमा निरंजन, विजय शिवहरे एवं आकाश अग्रवाल की गरिमामयी उपस्थिति रही।
बैठक से पूर्व जिलाधिकारी मनीष बंसल ने समिति के सभापति एवं सदस्यगण का पुष्पगुच्छ, मोमेंटो और पटका पहनाकर स्वागत किया।
समीक्षा के दौरान विधान परिषद में जनपद आगरा से संबंधित उठाए गए विभिन्न प्रकरणों एवं आश्वासन समिति को संदर्भित मामलों की प्रगति पर चर्चा की गई। जिला पंचायत, पंचायती राज विभाग, पीडब्ल्यूडी, नगर निगम एवं ग्रामीण अभियंत्रण विभाग सहित विभिन्न विभागों के लंबित मामलों की जानकारी ली गई।
मा. सभापति अशोक कुमार अग्रवाल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि याचिका समिति को भेजे गए मामलों पर प्राथमिकता के आधार पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि गांव, गरीब और आमजन से जुड़े मुद्दों को सदन में उठाते हैं, इसलिए उनके समाधान में लापरवाही न बरती जाए।
बैठक में विकास कार्यों के टेंडर, वर्क ऑर्डर, कार्य प्रारंभ एवं पूर्ण होने की तिथि, निर्माण लागत तथा स्थलीय निरीक्षण रिपोर्ट की भी समीक्षा की गई। साथ ही जिन कार्यों को अभी स्वीकृति नहीं मिली है या अधूरे हैं, उन्हें आगामी जिला पंचायत बोर्ड बैठक एवं लोक निर्माण विभाग की वार्षिक कार्ययोजना में शामिल करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी मनीष बंसल ने समिति को आश्वस्त किया कि सभापति महोदय द्वारा दिए गए सभी निर्देशों एवं सुझावों का गंभीरता से पालन कराया जाएगा तथा लंबित प्रकरणों के निस्तारण में तेजी लाई जाएगी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह, डीसीपी ट्रैफिक सोनम कुमार, डीएफओ राजेश कुमार, सीएमओ अरुण कुमार श्रीवास्तव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बीडीओ मौजूद रहे।