ICSE में फतेहपुर सीकरी के छात्र मोहम्मद ईशान का परचम, मेहनत से रचा सफलता का इतिहास
आगरा/फतेहपुर सीकरी:-छोटे शहरों से बड़े सपनों की उड़ान का एक और प्रेरक उदाहरण सामने आया है। सेंट पीटर्स स्कूल, किरावली-रुनकता रोड, आगरा के छात्र मोहम्मद ईशान ने ICSE हाई स्कूल परीक्षा में टॉप कर न सिर्फ अपने परिवार, बल्कि पूरे फतेहपुर सीकरी क्षेत्र को गौरवान्वित कर दिया है।
मोहम्मद ईशान, जो मोहल्ला रोजाताल के निवासी हैं और रहीसुद्दीन उर्फ राज (एएसआई गाइड) के पुत्र हैं, ने यह सफलता अपनी अथक मेहनत, दृढ़ संकल्प और निरंतर अध्ययन के बल पर हासिल की। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने यह साबित कर दिया कि अगर इरादे मजबूत हों तो कोई भी लक्ष्य दूर नहीं होता।
ईशान की इस उपलब्धि ने पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल बना दिया है। उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है, वहीं स्थानीय लोग भी उन्हें क्षेत्र का गौरव बताते हुए सराहना कर रहे हैं।
विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रवीण राज मोरिस ने ईशान की इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि “ईशान की उपलब्धि हमारे विद्यालय के लिए गर्व का विषय है। उनकी मेहनत और लगन अन्य विद्यार्थियों के लिए एक मिसाल है।” उन्होंने विश्वास जताया कि ईशान भविष्य में भी इसी तरह सफलता के नए आयाम स्थापित करेंगे।