ग्वालियर हाईवे पर भीषण सड़क हादसा: टायर फटने से कार डिवाइडर पार कर दूसरी कार से भिड़ी, तीन की मौत, 11 घायल - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

गुरुवार, 18 जून 2026

ग्वालियर हाईवे पर भीषण सड़क हादसा: टायर फटने से कार डिवाइडर पार कर दूसरी कार से भिड़ी, तीन की मौत, 11 घायल

ग्वालियर हाईवे पर भीषण सड़क हादसा: टायर फटने से कार डिवाइडर पार कर दूसरी कार से भिड़ी, तीन की मौत, 11 घायल

आगरा। ग्वालियर हाईवे पर बुधवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना में तीन लोगों की मौत होने की सूचना है, जबकि 11 लोग घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब एक कार का अचानक टायर फट गया और वह अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार करते हुए सामने से आ रही दूसरी कार से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और एक कार सड़क पर पलट गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश के दतिया निवासी उर्मिला तिवारी पत्नी हरीमोहन, विवेक तिवारी और लाठी तिवारी बुधवार सुबह कार से आगरा से दतिया की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही एक कार का अचानक टायर फट गया, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका।

अनियंत्रित कार डिवाइडर फांदकर विपरीत दिशा में पहुंच गई और दूसरी कार से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के बाद दोनों कारों में सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े।

स्थानीय लोगों ने कारों में फंसे घायलों को बाहर निकालने का प्रयास किया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। काफी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकालकर उपचार के लिए एसएन मेडिकल कॉलेज और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैंया भेजा गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे में तीन लोगों की मौत हुई है, जबकि 11 अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसके चलते मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका से भी इंकार नहीं किया जा सकता।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारु कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए लंबा जाम लग गया था। मृतकों और घायलों की आधिकारिक पुष्टि तथा विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।

video

Pages