आगरा में थार की टक्कर से युवक की मौत के बाद बवाल, 19 उपद्रवी गिरफ्तार; पथराव में 11 पुलिसकर्मी घायल - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

बुधवार, 17 जून 2026

आगरा में थार की टक्कर से युवक की मौत के बाद बवाल, 19 उपद्रवी गिरफ्तार; पथराव में 11 पुलिसकर्मी घायल

आगरा में थार की टक्कर से युवक की मौत के बाद बवाल, 19 उपद्रवी गिरफ्तार; पथराव में 11 पुलिसकर्मी घायल

आगरा। थाना फतेहाबाद क्षेत्र में सोमवार को हुए सड़क हादसे के बाद भड़की हिंसा के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अब तक 19 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। हादसे में एक युवक की मौत के बाद आक्रोशित भीड़ ने सड़क जाम कर हंगामा किया, पुलिस पर पथराव किया और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। घटना में 11 पुलिसकर्मी घायल हुए, जबकि एक दरोगा की वर्दी भी फाड़ दी गई। पुलिस अन्य उपद्रवियों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।

जानकारी के अनुसार सोमवार शाम करीब साढ़े तीन बजे फतेहाबाद थाना क्षेत्र के गांव पूठपुरा के पास एक तेज रफ्तार थार कार ने अपाचे बाइक और एक स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक मनीष की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि स्कूटी सवार सुभाष, विवेक और कालू गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।

बताया गया है कि मृतक मनीष की चार माह पहले ही शादी हुई थी। वह अपनी ससुराल गढ़ी तिवारी, फिरोजाबाद से घर लौट रहा था, तभी यह हादसा हो गया। युवक की मौत की खबर मिलते ही पत्नी आरती और परिजनों में कोहराम मच गया।

हादसे के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने फतेहाबाद-फिरोजाबाद मार्ग पर जाम लगा दिया, जो करीब तीन घंटे तक जारी रहा। प्रदर्शनकारियों ने हादसे में शामिल थार वाहन में तोड़फोड़ भी की। हालात बिगड़ते देख पांच थानों का पुलिस बल मौके पर बुलाया गया, लेकिन भीड़ और उग्र हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ अराजक तत्वों ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। हमले में 11 पुलिसकर्मी घायल हो गए, जबकि एक उपनिरीक्षक की वर्दी फट गई। उपद्रवियों ने पुलिस वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। बताया जाता है कि पुलिसकर्मियों को करीब आधा किलोमीटर तक दौड़ाकर निशाना बनाया गया।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसीपी फतेहाबाद और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों को समझाकर शांत कराया और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। देर रात तक चले प्रयासों के बाद यातायात बहाल कराया गया।

घटना के संबंध में थाना फतेहाबाद में सरकारी कार्य में बाधा, पथराव, तोड़फोड़ और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। सहायक पुलिस आयुक्त फतेहाबाद ने बताया कि अब तक 19 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया जा चुका है। सीसीटीवी फुटेज, वीडियो रिकॉर्डिंग और अन्य साक्ष्यों के आधार पर शेष आरोपियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही अन्य उपद्रवियों को भी गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

video

Pages