यूपी पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा 2026: आरबीएस कॉलेज केंद्र का अपर पुलिस आयुक्त ने किया निरीक्षण - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

बुधवार, 10 जून 2026

यूपी पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा 2026: आरबीएस कॉलेज केंद्र का अपर पुलिस आयुक्त ने किया निरीक्षण

यूपी पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा 2026: आरबीएस कॉलेज केंद्र का अपर पुलिस आयुक्त ने किया निरीक्षण

आगरा। उत्तर प्रदेश नागरिक पुलिस आरक्षी भर्ती-2026 परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए कमिश्नरेट आगरा पुलिस पूरी सतर्कता के साथ तैनात है। 8, 9 और 10 जून को आयोजित हो रही भर्ती परीक्षा के अंतिम दिन भी सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती गई।

पुलिस आयुक्त आगरा दीपक कुमार (आईपीएस) के निर्देशन में बुधवार को अपर पुलिस आयुक्त सचिंद्र पटेल ने आर.बी.एस. कॉलेज स्थित परीक्षा केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने परीक्षा केंद्र पर स्थापित सीसीटीवी कैमरों और कंट्रोल रूम के माध्यम से की जा रही निगरानी व्यवस्था का अवलोकन किया। साथ ही अधिकारियों एवं ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को परीक्षा को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

अपर पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, नकल कराने के प्रयास या अवांछनीय तत्वों की मौजूदगी पाए जाने पर तत्काल और सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाए। उन्होंने परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए सभी सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

कमिश्नरेट पुलिस के अनुसार भर्ती परीक्षा को लेकर सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है तथा निगरानी व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया गया है। परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता या कानून-व्यवस्था से संबंधित समस्या उत्पन्न होने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभ्यर्थियों को निष्पक्ष और पारदर्शी वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

video

Pages