आगरा:ट्रांस यमुना पुलिस की तत्परता और ऑटो चालक की ईमानदारी बनी मिसाल - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

सोमवार, 15 जून 2026

आगरा:ट्रांस यमुना पुलिस की तत्परता और ऑटो चालक की ईमानदारी बनी मिसाल

आगरा:ट्रांस यमुना पुलिस की तत्परता और ऑटो चालक की ईमानदारी बनी मिसाल

आगरा:- थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता और एक ऑटो चालक की ईमानदारी का सराहनीय उदाहरण देखने को मिला।बोदला निवासी विशाल शर्मा का मोबाइल फोन ऑटो में छूट जाने के बाद पुलिस और ऑटो चालक के सहयोग से उन्हें उनका खोया हुआ मोबाइल सकुशल वापस मिल गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, विशाल शर्मा बोदला से सैटेलाइट बस स्टैंड फाउंड्री नगर होकर मुरादाबाद जाने के लिए निकले थे। इसी दौरान उनका मोबाइल फोन ऑटो में कहीं छूट गया। मोबाइल गुम होने पर उन्होंने चौकी टेड़ी बगिया पहुंचकर इसकी सूचना दी।

सूचना मिलते ही थाना ट्रांस यमुना के थाना प्रभारी के निर्देश पर तत्काल एक टीम गठित की गई और संबंधित ऑटो की तलाश शुरू कर दी गई। पुलिस टीम द्वारा किए गए प्रयासों के बीच ऑटो चालक इमरान पुत्र अब्दुल गनी निवासी इस्लामनगर स्वयं चौकी टेड़ी बगिया पहुंच गया। इमरान ने बताया कि बोदला से एक यात्री उसके ऑटो में बैठा था और उसका मोबाइल फोन वाहन में छूट गया था।

ऑटो चालक ने अपनी ईमानदारी का परिचय देते हुए मोबाइल फोन सुरक्षित पुलिस को सौंप दिया। इसके बाद पुलिस ने मोबाइल के वास्तविक स्वामी विशाल शर्मा की पहचान कर उनका फोन उन्हें वापस दिलवा दिया।

अपना खोया हुआ मोबाइल वापस मिलने पर विशाल शर्मा ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए थाना ट्रांस यमुना पुलिस की तत्परता और ऑटो चालक इमरान की ईमानदारी की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने दोनों का धन्यवाद करते हुए कहा कि ऐसे ईमानदार नागरिक और संवेदनशील पुलिसकर्मी समाज में विश्वास और सुरक्षा की भावना को मजबूत करते हैं।

यह घटना न केवल पुलिस की जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है, बल्कि यह भी साबित करती है कि आज भी समाज में ईमानदारी और जिम्मेदारी की मिसाल कायम करने वाले लोग मौजूद हैं। ट्रांस यमुना पुलिस और ऑटो चालक इमरान का यह कार्य निश्चित रूप से अन्य लोगों के लिए प्रेरणास्रोत है।

video

Pages