आगरा अपर पुलिस आयुक्त सचिन्द्र पटेल ने किया थाना सिकंदरा का आकस्मिक निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा
आगरा। पुलिस कमिश्नरेट आगरा में कानून-व्यवस्था एवं पुलिस कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से अपर पुलिस आयुक्त सचिन्द्र पटेल ने शुक्रवार रात्रि थाना सिकंदरा का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर की व्यवस्थाओं, अभिलेखों के रखरखाव और जनसुनवाई व्यवस्था का गहन अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस आयुक्त ने थाना परिसर, जीडी कार्यालय, सीसीटीएनएस कक्ष, मिशन शक्ति कक्ष, विवेचना कक्ष सहित विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अभिलेखों के रखरखाव, उनके समयबद्ध अद्यतन तथा कार्यालय की स्वच्छता व्यवस्था की भी समीक्षा की।
श्री पटेल ने थाना स्तर पर आने वाली जन शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया का जायजा लेते हुए आमजन की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान पर विशेष जोर दिया। उन्होंने लंबित विवेचनाओं की स्थिति की समीक्षा करते हुए उन्हें शीघ्र गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान थाना स्तर पर संचालित अन्य महत्वपूर्ण कार्यों की भी समीक्षा की गई। अपर पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर और गुणवत्तापूर्ण तरीके से संपादित किए जाएं। साथ ही जनहित एवं कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता, पारदर्शिता और तत्परता बनाए रखने पर बल दिया।
उन्होंने कहा कि पुलिस की प्राथमिकता आमजन को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना तथा कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना है। इसके लिए प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी को अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करना चाहिए।
इस आकस्मिक निरीक्षण से थाना स्तर पर कार्यों की गुणवत्ता और जवाबदेही को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण संदेश गया है।