आगरा:एक घंटा योग, जीवन भर निरोग’ के संकल्प के साथ मेहताब बाग में हुआ भव्य योग आयोजन - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

बुधवार, 17 जून 2026

आगरा:एक घंटा योग, जीवन भर निरोग’ के संकल्प के साथ मेहताब बाग में हुआ भव्य योग आयोजन

आगरा:एक घंटा योग, जीवन भर निरोग’ के संकल्प के साथ मेहताब बाग में हुआ भव्य योग आयोजन

आगरा:- अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में चल रहे योग सप्ताह के तृतीय दिवस पर ऐतिहासिक मेहताब बाग में भव्य सामूहिक योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। क्रीड़ा भारती, आगरा के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में योग साधकों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने सहभागिता कर योग को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया।

कार्यक्रम का नेतृत्व क्रीड़ा भारती आगरा के जिलाध्यक्ष वीरेन्द्र कुमार मित्तल ने किया। इस अवसर पर क्षेत्र संयोजक राजेश कुलश्रेष्ठ, प्रांत योग प्रमुख परमजीत सरना, सह प्रांत मंत्री मोहित वर्मा, विभाग संयोजक राजेश सिंह कुशवाहा, जिला मंत्री चंद्रप्रकाश सिंह राजपूत, मातृशक्ति प्रमुख ममता सिंह कुशवाहा, ललिता, एत्मादपुर तहसील सह संयोजक रवि कुशवाहा सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

प्रातःकालीन बेला में ताजमहल की मनोहारी पृष्ठभूमि और मेहताब बाग के प्राकृतिक वातावरण के बीच प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास किया। उगते सूर्य की सुनहरी किरणों के साथ पूरे परिसर में स्वास्थ्य, ऊर्जा और सकारात्मकता का वातावरण देखने को मिला। योग साधकों ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष वीरेन्द्र कुमार मित्तल ने कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो शरीर, मन और आत्मा को संतुलित रखने का सर्वोत्तम माध्यम है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति न केवल शारीरिक रूप से स्वस्थ रहता है, बल्कि मानसिक तनाव से भी मुक्त होकर सकारात्मक जीवन जी सकता है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में योग आज वैश्विक जनआंदोलन बन चुका है और विश्व के अनेक देशों ने इसे अपनाकर स्वस्थ जीवन की दिशा में कदम बढ़ाए हैं। क्रीड़ा भारती का उद्देश्य योग, खेल एवं स्वास्थ्य जागरूकता के माध्यम से समाज को सशक्त, जागरूक और निरोग बनाना है।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने "एक घंटा योग – जीवन भर निरोग" तथा "स्वस्थ युवा – सशक्त भारत" का संकल्प लेते हुए नियमित योगाभ्यास करने और समाज में योग के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।

योग सप्ताह के अंतर्गत आगामी दिनों में भी आगरा के विभिन्न क्षेत्रों में योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें अधिक से अधिक नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।

"जो रोज़ करे योग, वही रहे निरोग"
"योग अपनाएं, स्वस्थ भारत बनाएं"

video

Pages