जीआईसी प्रवक्ता परीक्षा को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए पुलिस लाइन में ब्रीफिंग गोष्ठी आयोजित
आगरा। आगामी जीआईसी प्रवक्ता परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं शुचितापूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस लाइन्स, आगरा में विशेष ब्रीफिंग गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी की अध्यक्षता अपर पुलिस उपायुक्त यातायात एवं स्टाफ ऑफिसर श्रीमती अलका ने की।
गोष्ठी के दौरान परीक्षा ड्यूटी में लगाए गए पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को परीक्षा की संवेदनशीलता और महत्व से अवगत कराते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। अपर पुलिस उपायुक्त ने सभी पुलिसकर्मियों को सतर्कता, अनुशासन एवं जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, नकल, संदिग्ध गतिविधि अथवा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले तत्वों पर विशेष नजर रखी जाए तथा किसी भी स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
ब्रीफिंग के दौरान परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की सुगम आवाजाही, यातायात प्रबंधन, संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी तथा परीक्षा संबंधी निर्धारित प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन कराने पर विशेष बल दिया गया।
अपर पुलिस उपायुक्त श्रीमती अलका ने निर्देशित किया कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी समय से अपनी ड्यूटी पर उपस्थित रहें तथा आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए परीक्षा को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराएं।
कमिश्नरेट आगरा पुलिस द्वारा परीक्षा को निष्पक्ष एवं सुरक्षित वातावरण में सम्पन्न कराने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य है कि सभी अभ्यर्थियों को बिना किसी बाधा के परीक्षा देने का अवसर मिले और परीक्षा पूरी तरह पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हो।