आगरा में इको कार चोर गिरोह का भंडाफोड़: सैंया पुलिस ने छह शातिर बदमाश दबोचे, छह चोरी की गाड़ियां बरामद
आगरा। आगरा पुलिस को वाहन चोरी के खिलाफ अभियान में बड़ी सफलता मिली है। थाना सैंया पुलिस ने इको कार चोरी करने वाले एक अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए छह शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की गई छह इको कारें और पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
प्रभारी डीसीपी पश्चिम आदित्य कुमार ने बताया कि थाना सैंया क्षेत्र के गांव बीरई निवासी एक व्यक्ति की इको कार 6 जून की रात घर के बाहर से चोरी हो गई थी। पीड़ित की शिकायत पर 11 जून को अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की।
गहन पड़ताल के दौरान पुलिस को गिरोह के बारे में महत्वपूर्ण सुराग मिले। गुरुवार 18 जून को थाना सैंया पुलिस ने लल्लूपुरा-खेरागढ़ रोड स्थित एक खेत में घेराबंदी कर छह संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और निशानदेही के आधार पर पुलिस ने चोरी की छह इको कारें बरामद कर लीं।
थाना प्रभारी गुरुबिंदर सिंह ने बताया कि बरामद की गई इको कारें सैंया, किरावली, फरह और मथुरा क्षेत्र से चोरी की गई थीं। आरोपी सुनसान स्थानों पर खड़ी गाड़ियों को निशाना बनाते थे और रात के समय वारदात को अंजाम देकर वाहन अन्य जिलों में छिपा देते थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान खुशीराम निवासी जहानापुर, थाना फतेहपुर सीकरी, जीशान निवासी मोहल्ला नयाबांस, रामबरन निवासी राजा का पुरा, सचिन निवासी फतेहपुर सीकरी, धर्मेंद्र निवासी महुआखेड़ा, थाना खेरागढ़ तथा छोटू निवासी अभुआपुरा, किरावली के रूप में हुई है।
पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि गिरोह का नेटवर्क किन-किन जिलों तक फैला हुआ है और चोरी के वाहनों को कहां खपाया जाता था। सैंया पुलिस की इस कार्रवाई को वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में बड़ी सफलता माना जा रहा है।