आकाश कोचिंग में धुआं उठने से मची अफरा-तफरी, छात्र सुरक्षित बाहर निकाले गए
आगरा। लखनऊ में हाल ही में हुए भीषण अग्निकांड की घटना के बाद लोगों में पहले से ही दहशत का माहौल है। ऐसे में मंगलवार सुबह भगवान टॉकीज सर्विस रोड स्थित मयूर कॉम्प्लेक्स में संचालित आकाश कोचिंग सेंटर में धुआं उठने की सूचना से अफरा-तफरी मच गई। धुएं और अचानक बिजली गुल होने के बाद छात्रों में आग लगने की आशंका पैदा हो गई और वे तेजी से भवन से बाहर निकल आए।
एमसीबी बॉक्स से उठा धुआं, एहतियातन खाली कराया गया कोचिंग सेंटर
जानकारी के अनुसार सुबह करीब 10 बजे चार मंजिला मयूर कॉम्प्लेक्स के बेसमेंट में स्थित एमसीबी बॉक्स से धुआं निकलता दिखाई दिया। इसके कुछ ही क्षण बाद पूरी बिल्डिंग की बिजली आपूर्ति बंद हो गई। धुआं उठते ही कोचिंग प्रबंधन ने तत्काल सतर्कता बरतते हुए छात्रों को सुरक्षित बाहर निकालना शुरू कर दिया।
कुछ ही मिनटों में बड़ी संख्या में मौजूद छात्र-छात्राएं भवन से बाहर सुरक्षित स्थानों पर पहुंच गए। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंच गई और स्थिति का जायजा लिया।
शॉर्ट सर्किट की आशंका, बड़ा हादसा टला
प्रारंभिक जांच में एमसीबी बॉक्स में शॉर्ट सर्किट के कारण धुआं उठने की आशंका जताई जा रही है। बिजली आपूर्ति तत्काल बाधित हो जाने के कारण आग नहीं फैल सकी और बड़ा हादसा टल गया। हालांकि एहतियात के तौर पर कोचिंग सेंटर की छुट्टी कर दी गई।
चार मंजिला कॉम्प्लेक्स में संचालित है कोचिंग
आकाश कोचिंग सेंटर मयूर कॉम्प्लेक्स की दूसरी मंजिल पर संचालित है। भवन में कोचिंग के अलावा कई अन्य दुकानें और व्यावसायिक प्रतिष्ठान भी मौजूद हैं। धुआं उठने की घटना के बाद कुछ समय तक पूरे परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
आकाश कोचिंग के असिस्टेंट मैनेजर पुनीत अग्रवाल ने बताया कि भवन में अग्निशमन सुरक्षा के सभी आवश्यक इंतजाम मौजूद हैं और आपात स्थिति में बाहर निकलने के लिए तीन अलग-अलग रास्ते उपलब्ध हैं। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए छात्रों को छुट्टी देकर घर भेज दिया गया है।
छात्रों ने सुनाया घटनाक्रम
घटना के बाद कोचिंग के बाहर छात्रों की भीड़ जमा हो गई। एक छात्रा ने बताया कि क्लास के दौरान शिक्षक अचानक कक्ष में आए और सभी छात्रों से तुरंत क्लासरूम खाली करने को कहा।
"टीचर ने कहा कि जल्दी से बाहर निकलो। हम सभी एग्जिट गेट से बाहर आ गए। बाहर आने के बाद पता चला कि कहीं धुआं उठा है और आग लगने की आशंका जताई जा रही है।"
सतर्कता से टला बड़ा संकट
समय रहते धुआं दिखाई देने, बिजली आपूर्ति बंद होने और कोचिंग प्रबंधन की तत्परता के चलते किसी प्रकार की जनहानि या घायल होने की सूचना नहीं है। पुलिस और दमकल विभाग ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित रखा। घटना ने एक बार फिर शैक्षणिक संस्थानों और व्यावसायिक भवनों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं की आवश्यकता को रेखांकित किया है।