शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म, सिकंदरा पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
आगरा। थाना सिकंदरा क्षेत्र में शादी का झांसा देकर युवती के साथ दुष्कर्म करने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पीड़िता की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोच लिया।
पुलिस के अनुसार युवती ने थाना सिकंदरा में दर्ज कराई गई शिकायत में बताया कि उसकी पहचान पंकज नामक युवक से हुई थी। आरोपी ने उससे शादी करने का वादा किया और करीब एक वर्ष तक भरोसे में लेकर उसके साथ संबंध बनाए।
पीड़िता का आरोप है कि बाद में आरोपी ने कोर्ट मैरिज कराने का बहाना बनाकर उसे बुलाया और एक होटल में ले गया। वहां उसने युवती के साथ जबरन दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपी द्वारा शादी से इनकार किए जाने पर पीड़िता ने पुलिस से शिकायत की।
मुकदमा दर्ज कर आरोपी को किया गिरफ्तार
तहरीर के आधार पर थाना सिकंदरा पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पंकज को लोहकरेरा पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया।
न्यायालय में पेश कर भेजा गया जेल
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया। जहां से आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। महिलाओं के विरुद्ध अपराधों के मामलों में त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।