ताजगंज में छात्रा की आत्महत्या से सनसनी, परिजनों ने युवक पर लगाया उत्पीड़न का आरोप - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

बुधवार, 10 जून 2026

ताजगंज में छात्रा की आत्महत्या से सनसनी, परिजनों ने युवक पर लगाया उत्पीड़न का आरोप

ताजगंज में छात्रा की आत्महत्या से सनसनी, परिजनों ने युवक पर लगाया उत्पीड़न का आरोप

आगरा। थाना ताजगंज क्षेत्र में एक छात्रा द्वारा आत्महत्या किए जाने की घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है। परिजनों का आरोप है कि मोहल्ले का एक युवक पिछले करीब डेढ़ वर्ष से छात्रा को लगातार परेशान कर रहा था, जिसके चलते उसने यह कदम उठाया।

मृतका के पिता के अनुसार, आरोपी युवक उनकी बेटी पर दोस्ती करने का दबाव बनाता था। वह स्कूल और कोचिंग आते-जाते समय उसका रास्ता रोकता था तथा लगातार परेशान करता था। परिवार ने स्थिति को देखते हुए बेटी का स्कूल जाना भी बंद करा दिया था, लेकिन कोचिंग जाते समय भी युवक उसका पीछा और उत्पीड़न करता रहा।

परिजनों का कहना है कि उन्होंने कई बार युवक को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना। आरोप है कि युवक बाद में धमकियां भी देने लगा था। इतना ही नहीं, वह परिवार की महिलाओं को भी फोन कर परेशान करता था, जिसके कारण परिवार ने उसके घर वाले रास्ते से आना-जाना तक बंद कर दिया था।

स्टोर रूम में फंदे से लटका मिला शव

मंगलवार सुबह छात्रा ने घर के स्टोर रूम में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर थाना ताजगंज पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

बदनामी के डर से नहीं की शिकायत

छात्रा के पिता ने बताया कि उन्होंने सामाजिक बदनामी के डर से पहले पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई थी। परिवार को उम्मीद थी कि समझाने पर युवक अपनी हरकतों से बाज आ जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।

कार्रवाई की मांग

घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों में भारी आक्रोश है। लोगों ने आरोपी युवक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि परिजनों की तहरीर और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

video

Pages