आगरा: थाना मंटोला पुलिस का बड़ा चेकिंग अभियान, 100 से अधिक वाहनों के चालान; यातायात नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई
आगरा:- शहर में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से थाना मंटोला पुलिस द्वारा क्षेत्र में व्यापक वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान मुख्य मार्गों, व्यस्त चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों की गहन जांच की गई। पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए 100 से अधिक वाहनों के चालान किए।
चेकिंग अभियान के दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने, सीट बेल्ट का प्रयोग न करने, वाहन के आवश्यक दस्तावेज साथ न रखने, गलत दिशा में वाहन चलाने, प्रतिबंधित स्थानों पर वाहन खड़ा करने तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने कई वाहन चालकों को मौके पर ही यातायात नियमों की जानकारी देते हुए भविष्य में नियमों का पालन करने की चेतावनी भी दी।
इस विशेष अभियान का नेतृत्व थाना मंटोला प्रभारी निरीक्षक सुरेश चंद्र ने किया। उनके निर्देशन में डिवीजन चौकी प्रभारी मोहित चौधरी,रेलवे लाइन चौकी प्रभारी श्रध्देय शुक्ला तथा थाना मंटोला का समस्त पुलिस बल पूरी मुस्तैदी के साथ अभियान में जुटा रहा। पुलिस टीम ने विभिन्न स्थानों पर बैरिकेडिंग कर एक-एक वाहन की बारीकी से जांच की और संदिग्ध गतिविधियों पर भी पैनी नजर रखी।
प्रभारी निरीक्षक सुरेश चंद्र ने बताया कि इस प्रकार के चेकिंग अभियान का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं, बल्कि लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाना है। उन्होंने कहा कि नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है और इससे स्वयं के साथ-साथ अन्य लोगों की सुरक्षा भी सुनिश्चित होती है।
पुलिस ने आमजन से अपील की कि वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, सभी आवश्यक दस्तावेज अपने साथ रखें, निर्धारित गति सीमा का पालन करें तथा किसी भी स्थिति में यातायात नियमों की अनदेखी न करें। थाना मंटोला पुलिस ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।