आगरा: एसआरके मॉल में धमाके जैसी आवाज से मची अफरा-तफरी, तीन युवक और एक युवती हिरासत में
आगरा। हाईवे स्थित एसआरके मॉल में सोमवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। धमाके की आवाज से मॉल में मौजूद ग्राहकों और दुकानदारों में दहशत फैल गई। कुछ देर के लिए लोग इधर-उधर भागने लगे और मॉल परिसर में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीन युवकों समेत एक युवती को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हाईवे सर्विस रोड स्थित एसआरके मॉल में घूमने आए तीन युवकों में से एक ने कथित तौर पर अचानक पटाखा फोड़ दिया। पटाखे की तेज आवाज को सुनकर लोगों ने पहले इसे किसी बड़े धमाके की आशंका समझा, जिससे पूरे मॉल में दहशत का माहौल बन गया। कई दुकानदार अपनी दुकानों से बाहर निकल आए, जबकि ग्राहक भी घबराकर सुरक्षित स्थान की ओर भागने लगे।
मॉल के सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत सक्रियता दिखाते हुए तीनों युवकों को पकड़ लिया। उनके साथ मौजूद एक युवती को भी रोक लिया गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और चारों को हिरासत में लेकर थाने ले गई, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मामला पटाखा फोड़ने का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि युवकों ने जानबूझकर लोगों में दहशत फैलाने के उद्देश्य से यह हरकत की थी या फिर यह केवल लापरवाही थी।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और पूछताछ के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद मॉल में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई, जिसके बाद स्थिति सामान्य हो गई।