आगरा: मिर्च पाउडर डालकर लूट करने वाला वांछित आरोपी गिरफ्तार, एक बाल अपचारी भी पुलिस अभिरक्षा में
आगरा। थाना फतेहाबाद पुलिस और सर्विलांस सेल पूर्वी जोन की संयुक्त टीम ने लूट की वारदात का खुलासा करते हुए एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक बाल अपचारी को अभिरक्षा में लिया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है। गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, थाना फतेहाबाद में वादी ने तहरीर देकर बताया था कि वह रात करीब 9 बजे भरपुरा से अपने घर लौट रहा था। मल्लापुरा की पुलिया के पास पहले से घात लगाए बैठे 3-4 बदमाशों ने उसकी आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया और उसका मोबाइल फोन, ₹1,200 नकद तथा एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल लूटकर फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर थाना फतेहाबाद में मुकदमा संख्या 195/26, धारा 309(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
घटना के खुलासे के लिए थाना फतेहाबाद पुलिस और सर्विलांस सेल पूर्वी जोन की संयुक्त टीम लगातार वांछित आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। चेकिंग अभियान के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने तहसील रोड स्थित टंकी के पास से घटना में शामिल वांछित अभियुक्त विजय पुत्र भूरी सिंह को गिरफ्तार कर लिया। उसके साथ एक बाल अपचारी को भी अभिरक्षा में लिया गया।
पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। पूछताछ के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए अभियुक्त को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया, जबकि बाल अपचारी के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले में अन्य आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं और यदि किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।