पुरानी रंजिश में लाठी-डंडों से जानलेवा हमला, बासौनी पुलिस ने 24 घंटे में चार आरोपी दबोचे
शोक संवेदना से लौट रहे युवक, उसके चाचा और साथियों पर रास्ते में किया हमला; चारों आरोपी गिरफ्तार
आगरा। थाना बासौनी क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर युवक, उसके चाचा और उनके साथियों के साथ लाठी-डंडों से मारपीट कर जान से मारने की नीयत से हमला करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने चारों आरोपियों को बेडियन पुरा के पास बंबा की ओर जाने वाले रास्ते से पकड़ा।
पुलिस के अनुसार, थाना बासौनी में दी गई तहरीर में बताया गया कि सुबह करीब आठ बजे वादी अपने चाचा और चाचा के अन्य साथियों के साथ शोक संवेदना व्यक्त कर वापस घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में गोलीराम पुत्र फौजदार, नेकसीलाल पुत्र केदार सिंह, मुन्नेश पुत्र उधम सिंह और बब्लू पुत्र दीवान सिंह ने अन्य लोगों के साथ मिलकर पुरानी रंजिश के चलते रास्ता रोक लिया।
आरोप है कि आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से वादी, उसके चाचा और साथियों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। वादी और उसके चाचा द्वारा शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके की ओर आने लगे। ग्रामीणों को आता देख आरोपी घायल अवस्था में वादी, उसके चाचा और साथियों को छोड़कर मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलने के बाद थाना बासौनी पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की। घटना के संबंध में थाना बासौनी में प्रथम सूचना रिपोर्ट संख्या 0036/2026 के तहत धारा 115(2), 191(2), 191(3) और 109(1) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस टीम क्षेत्र में वांछित आरोपियों की तलाश और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से आरोपियों के संबंध में सूचना मिली। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने बेडियन पुरा के पास बंबा की ओर जाने वाले रास्ते से चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गोलीराम पुत्र फौजदार, नेकसीलाल पुत्र केदार सिंह, मुन्नेश पुत्र उधम सिंह और बब्लू पुत्र दीवान सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, चारों आरोपी मुकदमे में वांछित चल रहे थे।
गिरफ्तार अभियुक्तों का मेडिकोलीगल परीक्षण कराया जा रहा है। इसके बाद उन्हें माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर न्यायिक अभिरक्षा रिमांड स्वीकृत किए जाने का अनुरोध किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते होने वाली घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।