लोहामंडी पुलिस की जुआरियों पर बड़ी कार्रवाई, हार-जीत की बाजी लगा रहे चार गिरफ्तार; 52 ताश के पत्ते और ₹5,860 बरामद
आगरा। थाना लोहामंडी पुलिस ने जुआ खेलने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर खातीपाड़ा स्थित माता मंदिर के सामने दबिश देकर हार-जीत की बाजी लगाकर ताश के पत्तों से जुआ खेल रहे आरोपियों को मौके से पकड़ लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से 52 ताश के पत्ते और 5,860 रुपये की नकदी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 29 अगस्त 2026 को थाना लोहामंडी पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि खातीपाड़ा स्थित माता मंदिर के सामने कुछ लोग ताश के पत्तों से हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने उच्चाधिकारियों को अवगत कराया और अनुमति प्राप्त कर बताए गए स्थान पर पहुंचकर घेराबंदी की।
पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए जुआ खेल रहे संजू, देव, विशाल और शुभम को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 52 ताश के पत्ते और कुल 5,860 रुपये बरामद हुए।
गिरफ्तार आरोपियों में संजू पुत्र भगवान निवासी खातीपाड़ा थाना लोहामंडी, देव पुत्र राम निवासी आजम नगर थाना कोतवाली जनपद बरेली, विशाल पुत्र मिर्जू निवासी खातीपाड़ा थाना लोहामंडी और शुभम पुत्र हरिशंकर निवासी खातीपाड़ा थाना लोहामंडी, आगरा शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मु0अ0सं0 209/2026 धारा 13 जुआ अधिनियम, थाना लोहामंडी, कमिश्नरेट आगरा के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की है।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक इंद्रजीत सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक सोनू सिंह, उपनिरीक्षक गौरव चहल, कांस्टेबल शमशाद, कांस्टेबल प्रदीप, कांस्टेबल विकास और कांस्टेबल देवराज चौधरी शामिल रहे।
लोहामंडी पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में जुआ खेलने और खिलाने वालों में खलबली मच गई है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।