मलपुरा थाने में माल निस्तारण अभियान का बड़ा कदम, 53 मुकदमाती और लावारिस वाहनों की नीलामी पूरी; 8.10 लाख रुपये की बोली
आगरा। कमिश्नरेट आगरा पुलिस द्वारा माल निस्तारण अभियान के तहत थाना मलपुरा में मुकदमाती एवं लावारिस वाहनों के निस्तारण की कार्रवाई की गई। अपर मुख्य मजिस्ट्रेट न्यायालय संख्या-02, आगरा के आदेश के अनुपालन में गठित टीम की निगरानी में कुल 53 वाहनों की नियमानुसार नीलामी संपन्न कराई गई। नीलामी से 8 लाख 10 हजार रुपये (जीएसटी सहित) की धनराशि प्राप्त हुई।
यह कार्रवाई आगरा के आदेश पत्रांक आर-डीसीपी-डब्लू-33 (माल निस्तारण)/2026 दिनांक 24 अगस्त 2026 के अनुपालन में की गई। नीलामी प्रक्रिया सहायक पुलिस आयुक्त सैंया जसवीर सिंह सिरोही की अध्यक्षता में गठित टीम की मौजूदगी में संपन्न हुई। टीम में उपजिलाधिकारी तहसील सदर विक्रम सिंह राघव, प्रभारी निरीक्षक थाना मलपुरा राजीव कुमार सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक इजहार अहमद, निरीक्षक संभागीय परिवहन अधिकारी संजीत कुमार तथा हेड मोहर्रिर मालखाना थाना मलपुरा शैलेश सिंह मौजूद रहे।
नीलामी में शामिल होने के लिए कुल 34 बोलीदाताओं ने नियमानुसार पंजीकरण कर टोकन प्राप्त किया। इसके बाद गठित टीम की निगरानी में पारदर्शी तरीके से बोली प्रक्रिया शुरू की गई। निर्धारित प्रक्रिया के तहत एक-एक कर कुल 53 मुकदमाती एवं लावारिस वाहनों की नीलामी कराई गई।
पुलिस द्वारा नीलामी प्रक्रिया की पारदर्शिता और अभिलेखीय व्यवस्था का भी विशेष ध्यान रखा गया। पूरी कार्रवाई की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराई गई। साथ ही मौके पर मौजूद अधिकारियों एवं कर्मचारियों के हस्ताक्षर भी संबंधित अभिलेखों पर कराए गए, जिससे नीलामी प्रक्रिया का विधिवत रिकॉर्ड सुरक्षित रखा जा सके।
नीलामी से प्राप्त ₹8,10,000 की धनराशि जीएसटी सहित नियमानुसार आंकिक कार्यालय, पुलिस लाइन कमिश्नरेट आगरा के माध्यम से कोषागार में जमा कराई जाएगी।
माल निस्तारण अभियान के तहत हुई इस कार्रवाई से थाना परिसर में लंबे समय से खड़े मुकदमाती एवं लावारिस वाहनों के निस्तारण का रास्ता साफ हुआ है। पुलिस विभाग द्वारा न्यायालय के आदेशों के अनुपालन में नियमानुसार कार्रवाई करते हुए वाहनों की नीलामी संपन्न कराई गई।