सावन के पहले सोमवार से पहले एक्शन में डीएम, कैलाश, बल्केश्वर और राजेश्वर मंदिरों का किया निरीक्षण - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

सोमवार, 3 अगस्त 2026

सावन के पहले सोमवार से पहले एक्शन में डीएम, कैलाश, बल्केश्वर और राजेश्वर मंदिरों का किया निरीक्षण

सावन के पहले सोमवार से पहले एक्शन में डीएम, कैलाश, बल्केश्वर और राजेश्वर मंदिरों का किया निरीक्षण

आगरा। सावन मास के प्रथम सोमवार और कांवड़ यात्रा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी मनीष बंसल ने सोमवार से पहले शहर के प्रमुख शिवालयों—कैलाश मंदिर, बल्केश्वर मंदिर और राजेश्वर मंदिर का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया तथा अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं से जुड़े आवश्यक निर्देश दिए।

जिलाधिकारी सबसे पहले कैलाश मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने मंदिर परिसर और यमुना घाट पर चल रही तैयारियों का निरीक्षण किया। इस दौरान मंदिर के महंतों से व्यवस्थाओं पर चर्चा करते हुए प्रथम सोमवार और कांवड़ यात्रा के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं के लिए की जा रही तैयारियों की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने नगर निगम अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए यमुना घाट पर रैंप, मेडिकल कैंप, बैरीकेडिंग, फव्वारा, पर्याप्त डस्टबिन, नियमित साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण सहित सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएं।

इसके बाद उन्होंने बल्केश्वर मंदिर पहुंचकर मंदिर परिसर और यमुना स्थित पार्वती घाट का निरीक्षण किया। यहां अधिकारियों को रैंप और बैरीकेडिंग की व्यवस्था करने, सड़कों के गड्ढे भरवाने तथा श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम बनाने के निर्देश दिए। इसके पश्चात जिलाधिकारी ने राजेश्वर मंदिर का भी निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

एडीएम सिटी ने सभी प्रमुख मंदिरों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, कांवड़ियों के प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग बैरीकेडिंग, प्रभावी यातायात व्यवस्था और आवश्यक रूट डायवर्जन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही मंदिर परिसरों में साफ-सफाई की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई।

जिला प्रशासन ने यमुना के कैलाश घाट और बल्केश्वर स्थित पार्वती घाट पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत बैरीकेडिंग, पीएसी, जल पुलिस, निजी गोताखोरों की तैनाती, सीसीटीवी निगरानी और अतिरिक्त पुलिस बल की व्यवस्था की जाएगी।

प्रशासन ने नगर निगम को पेयजल, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के साथ ही मंदिरों तक जाने वाले मार्गों की मरम्मत कराने के निर्देश दिए हैं, ताकि सावन के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं और कांवड़ियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

video

Pages