फौजी के घर चोरी का पर्दाफाश: मलपुरा पुलिस ने चार शातिर चोर दबोचे, तमंचा, ऑटो और चोरी का माल बरामद - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

शुक्रवार, 7 अगस्त 2026

फौजी के घर चोरी का पर्दाफाश: मलपुरा पुलिस ने चार शातिर चोर दबोचे, तमंचा, ऑटो और चोरी का माल बरामद

फौजी के घर चोरी का पर्दाफाश: मलपुरा पुलिस ने चार शातिर चोर दबोचे, तमंचा, ऑटो और चोरी का माल बरामद

आगरा कमिश्नरेट की थाना मलपुरा पुलिस ने चोरी की एक बड़ी वारदात का सफल खुलासा करते हुए चार शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी में प्रयुक्त एक बजाज ऑटो, एक जोड़ी सफेद धातु की पायल, ₹4,340 नकद, एक 12 बोर तमंचा, चार जिंदा कारतूस, चोरी की सिंचाई मोटर (तीन हिस्सों में) तथा अन्य सामान बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार 27 जुलाई 2026 को थाना मलपुरा में ग्राम नगला सांवला निवासी पीड़ित ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 13 जुलाई की रात अज्ञात चोर उसके घर में घुसकर लोहे के बक्से से नकदी, चांदी की पायल और कारतूस चोरी कर ले गए। इस संबंध में थाना मलपुरा पर मुकदमा दर्ज कर प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया।

जांच के दौरान 6 अगस्त को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली, जिसके आधार पर दक्षिणी बाईपास स्थित मुड़ेरा पुल के नीचे से चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार करते हुए बताया कि उन्होंने करीब 20 दिन पहले ग्राम नगला सांवला में एक फौजी के घर चोरी की थी। इसके अलावा उन्होंने थाना कागारौल क्षेत्र से सिंचाई मोटर चोरी करने की बात भी कबूल की। आरोपियों ने मोटर को तीन हिस्सों में अलग कर झाड़ियों में छिपा दिया था और उसे बेचने की फिराक में थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान मानवेन्द्र उर्फ मानू, राजेश उर्फ कल्लू, राजू तथा आशीष उर्फ गेंडा निवासी थाना मलपुरा क्षेत्र के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी मानवेन्द्र के विरुद्ध पहले से भी आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज है।

बरामदगी के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस पूरे अभियान में प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार के नेतृत्व में उपनिरीक्षक कपिल शर्मा, उपनिरीक्षक सौरभ कुमार, उपनिरीक्षक मयंक कुमार, कांस्टेबल विकास तथा कांस्टेबल अनुग्रह की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीम की सतर्कता, सटीक सूचना पर त्वरित कार्रवाई और प्रभावी घेराबंदी के चलते चोरी की वारदात का सफल अनावरण करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का माल एवं अवैध हथियार बरामद किए गए। पुलिस अधिकारियों ने टीम के सराहनीय कार्य की प्रशंसा करते हुए इसे अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की बड़ी सफलता बताया।

video

Pages