आगरा में अचानक धंसी सड़क, बाइक और बिजली का बॉक्स गहरे गड्ढे में समाए; धूलियागंज में मची अफरा-तफरी
आगरा। ताजनगरी में सड़क धंसने की घटनाएं लगातार लोगों की चिंता बढ़ा रही हैं। बुधवार सुबह धूलियागंज क्षेत्र में अचानक सड़क धंसने से मौके पर कई फीट गहरा गड्ढा हो गया। सड़क के धंसते ही वहां खड़ी एक बाइक और टोरेंट पावर का बिजली सप्लाई बॉक्स भी गड्ढे में समा गया। अचानक हुए घटनाक्रम से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
सुबह सड़क धंसने की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। लोगों ने जब सड़क के बीचों-बीच कई फीट गहरा गड्ढा देखा तो उनके होश उड़ गए। जिस स्थान पर सड़क धंसी, वहीं एक बाइक खड़ी थी। जमीन के अचानक बैठने से बाइक गड्ढे में चली गई। इसके साथ ही बिजली सप्लाई से जुड़ा टोरेंट पावर का बॉक्स भी सड़क के नीचे समा गया।
गनीमत रही कि सड़क धंसने के दौरान कोई व्यक्ति इसकी चपेट में नहीं आया, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। गहरे गड्ढे के चलते स्थानीय लोगों में आक्रोश है। लोगों का कहना है कि सड़क धंसने की वजह का तत्काल पता लगाकर गड्ढे को सुरक्षित तरीके से बंद कराया जाए, ताकि किसी राहगीर या वाहन चालक के साथ दुर्घटना न हो।
घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय पार्षद आरती शर्मा भी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने मौके का जायजा लिया और नगर निगम के अधिकारियों से वार्ता कर सड़क के गड्ढे को जल्द से जल्द बंद कराने की मांग की। पार्षद ने कहा कि गड्ढा काफी गहरा है और यदि इसे तत्काल सुरक्षित नहीं किया गया तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
सड़क के नीचे बिजली का बॉक्स भी दब जाने से स्थानीय लोगों की चिंता और बढ़ गई है। लोगों ने संबंधित विभागों से सड़क की जांच कराने और धंसने के कारणों का पता लगाने की मांग की है। फिलहाल इलाके में सड़क धंसने की घटना को लेकर लोगों में नाराजगी बनी हुई है और सभी की नजर प्रशासन की कार्रवाई पर है।