बेहतरीन पुलिसिंग के लिए पहचाने जाते हैं थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार श्रीवास्तव, चंद घंटों में लूटकांड का खुलासा
खंदौली में युवक-युवती से हुई लूट का 12 घंटे में पर्दाफाश, एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरे की तलाश जारी
आगरा। अपराधियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई और बेहतरीन पुलिसिंग के लिए पहचाने जाने वाले थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार श्रीवास्तव की टीम ने खंदौली में हुई लूट की वारदात का चंद समय में खुलासा कर पुलिसिंग की सक्रियता का उदाहरण पेश किया है। युवक-युवती से हुई लूट की घटना के बाद थाना खंदौली पुलिस ने एसओजी और सर्विलांस पश्चिमी जोन की टीम के साथ मिलकर महज 12 घंटे में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से न केवल वारदात का खुलासा हुआ, बल्कि आरोपी के कब्जे से लूट की रकम में से 4,800 रुपये और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई। पुलिस अब फरार दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटना की सूचना मिलते ही बिना समय गंवाए संभावित रास्तों पर निगरानी बढ़ाई, चेकिंग कराई और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। पुलिस की इसी सक्रियता का नतीजा रहा कि घटना के कुछ ही घंटों बाद पुलिस टीम आरोपी तक पहुंच गई।
लूट की घटना के त्वरित खुलासे को लेकर क्षेत्र में थाना पुलिस की सक्रियता की चर्चा है। पुलिस के सामने अब फरार आरोपी को गिरफ्तार करने और लूटे गए मोबाइल व शेष रकम की बरामदगी की चुनौती है। थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार श्रीवास्तव का कहना है कि फरार आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।