'स्वस्थ प्रहरी–सशक्त पुलिस' कार्यक्रम: आगरा पुलिस को CPR और हड्डियों की सुरक्षा का दिया गया प्रशिक्षण - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

बुधवार, 5 अगस्त 2026

'स्वस्थ प्रहरी–सशक्त पुलिस' कार्यक्रम: आगरा पुलिस को CPR और हड्डियों की सुरक्षा का दिया गया प्रशिक्षण

'स्वस्थ प्रहरी–सशक्त पुलिस' कार्यक्रम: आगरा पुलिस को CPR और हड्डियों की सुरक्षा का दिया गया प्रशिक्षण

आगरा। राष्ट्रीय अस्थि एवं जोड़ दिवस के अवसर पर आगरा ऑर्थोपेडिक सोसाइटी (AOS) और आगरा पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में 'आगरा मूव्स बेटर-2026' अभियान के तहत पुलिस लाइन्स स्थित प्रशांत मेमोरियल हॉल में 'स्वस्थ प्रहरी–सशक्त पुलिस' कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिसकर्मियों को सीपीआर (CPR), सही कार्य-मुद्रा, हड्डियों एवं जोड़ों की सुरक्षा तथा ड्यूटी के दौरान होने वाली मांसपेशीय समस्याओं से बचाव के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम में वरिष्ठ ऑर्थोपेडिक विशेषज्ञ डॉ. रजनीश मिश्रा ने पुलिसकर्मियों को सीपीआर का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। उन्होंने बताया कि हृदय गति रुकने जैसी आपात स्थिति में समय पर और सही तरीके से दिया गया सीपीआर किसी व्यक्ति का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

आगरा ऑर्थोपेडिक सोसाइटी के सचिव डॉ. संजय चतुर्वेदी ने 'पुलिस वर्कप्लेस एर्गोनॉमिक्स' विषय पर प्रस्तुति देते हुए लंबे समय तक खड़े रहने, पैदल गश्त, वाहन संचालन, कंप्यूटर पर कार्य, हथियार संभालने तथा भारी सामान उठाने के दौरान सही कार्य-मुद्रा अपनाने की जानकारी दी। उन्होंने गर्दन, कमर, कंधे और घुटनों के दर्द से बचाव के लिए नियमित स्ट्रेचिंग, छोटे-छोटे विराम और सही तकनीक अपनाने पर विशेष जोर दिया।

इस अवसर पर अपर पुलिस आयुक्त सचिन्द्र पटेल, डीसीपी अली अब्बास, डीसीपी अलका सारस्वत तथा एसीपी राम प्रवेश गुप्ता ने पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य, फिटनेस और कार्यक्षमता से जुड़े विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए। अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में आगरा ऑर्थोपेडिक सोसाइटी के चेयरमैन डॉ. डी.वी. शर्मा, अध्यक्ष डॉ. अतुल कुलश्रेष्ठ, डॉ. अशोक विज, डॉ. अनुपम गुप्ता, डॉ. संजीव वोहरा, डॉ. संजय चतुर्वेदी और डॉ. रजनीश मिश्रा सहित कई विशेषज्ञ उपस्थित रहे। उन्होंने पुलिसकर्मियों को हड्डियों, जोड़ों और मांसपेशियों को स्वस्थ रखने के उपायों की जानकारी दी।

यातायात पुलिस, पुलिस लाइन्स तथा विभिन्न इकाइयों के अधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल हुए। समापन अवसर पर अपर पुलिस आयुक्त सचिन्द्र पटेल ने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने, नियमित व्यायाम करने, सही कार्य-मुद्रा अपनाने और सुरक्षित कार्य-पद्धतियों का पालन करने की शपथ दिलाई।

आगरा ऑर्थोपेडिक सोसाइटी ने कहा कि कठिन परिस्थितियों में लगातार सेवाएं देने वाले पुलिसकर्मियों का स्वस्थ रहना समाज की सुरक्षा के लिए भी बेहद आवश्यक है। इसी उद्देश्य से 'आगरा मूव्स बेटर-2026' अभियान के माध्यम से शहर के विभिन्न वर्गों में हड्डियों, जोड़ों और बेहतर शारीरिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाई जा रही है।

video

Pages