बंद पैतृक मकान में 10 लाख की चोरी का खुलासा, दो शातिर गिरफ्तार; सोने-चांदी के जेवर बरामद
सीसीटीवी फुटेज बनी पुलिस की अहम कड़ी, नैनान ब्राह्मण रोड से दबोचे गए आरोपी; 55 ग्राम पीली और 516 ग्राम सफेद धातु बरामद
आगरा। बंद पड़े पैतृक मकान को निशाना बनाकर करीब 10 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी करने वाले दो शातिरों को सदर बाजार थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों के कब्जे से चोरी किए गए बड़ी मात्रा में आभूषण बरामद किए हैं। बरामद माल में करीब 55 ग्राम पीली धातु और 516 ग्राम सफेद धातु के आभूषण शामिल हैं। चोरी की इस वारदात का खुलासा करने में घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज पुलिस के लिए अहम कड़ी साबित हुई।
एडीसीपी हिमांशु गौरव के अनुसार, 28 अगस्त को वादी देवेंद्र शर्मा को उनके पड़ोसी ने फोन कर नैनान ब्राह्मण स्थित उनके पैतृक मकान में चोरी होने की सूचना दी। सूचना मिलते ही देवेंद्र शर्मा घर पहुंचे तो मकान के गेट और कमरों के ताले टूटे हुए थे। चोरों ने घर के अंदर रखी अलमारी को भी निशाना बनाया था और उसका लॉकर तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ली थी। पीड़ित की तहरीर पर थाना सदर बाजार में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
चोरी के खुलासे के लिए पुलिस टीम ने घटनास्थल के साथ आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। कई स्थानों की रिकॉर्डिंग की जांच के दौरान पुलिस को संदिग्धों की गतिविधियों से जुड़े अहम सुराग मिले। फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान की और उनकी गतिविधियों पर नजर रखनी शुरू कर दी। इसके बाद 31 अगस्त को मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस टीम ने नैनान ब्राह्मण रोड के पास घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमित उर्फ डकैत निवासी नगला जस्सा और छोटू निवासी टुंडपुरा के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक अमित उर्फ डकैत का पहले से आपराधिक इतिहास है। उसके खिलाफ सदर बाजार और ताजगंज थानों में चोरी, सट्टा, आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। वहीं दूसरे आरोपी छोटू के खिलाफ भी सदर बाजार थाने में मारपीट, चोरी और एनडीपीएस एक्ट समेत कई मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर उनके आपराधिक नेटवर्क और अन्य घटनाओं में संभावित संलिप्तता की जांच कर रही है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने की दो गले की चेन, चार लॉकेट, छह नग कान के टॉप्स, पांच नाक की लोंग, चूड़ी के दो टुकड़े, दो अन्य चेन और तीन अंगूठियां बरामद की हैं। इसके अलावा सफेद धातु के छह जोड़ी पायल, एक प्लेट और सात सिक्के भी बरामद किए गए हैं। बरामद आभूषणों की कुल मात्रा करीब 55 ग्राम पीली धातु और 516 ग्राम सफेद धातु बताई गई है।
बंद मकान में हुई करीब 10 लाख रुपये की चोरी का खुलासा कर दो आरोपियों की गिरफ्तारी से पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों ने इससे पहले कितनी वारदातों को अंजाम दिया है और चोरी के इस नेटवर्क में उनके साथ अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं में शामिल आरोपियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।