आलू उत्पादक किसानों को राहत देने के लिए भाव स्थिरता कोष योजना संचालित, पात्र किसानों को मिलेगा आर्थिक सहयोग
निजी शीतगृहों में भंडारित आलू पर ₹100 प्रति कुंतल की दर से अनुदान, अधिकतम 200 कुंतल तक का मिलेगा लाभ
आगरा:-जिला उद्यान अधिकारी, आगरा द्वारा अवगत कराया गया है कि आलू उत्पादक किसानों को राहत प्रदान करने के उद्देश्य से उद्यान विभाग द्वारा आलू विकास की भामाशाह भाव स्थिरता कोष योजना तथा निजी शीतगृहों में भंडारित आलू के प्रभाव पर अनुदान की योजना संचालित की जा रही है। योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए किसानों का विभाग द्वारा विकसित पोर्टल https://potato.uphorticulture.in पर ऑनलाइन पंजीकरण करना अनिवार्य है।
पंजीकरण के समय किसान को अपना मोबाइल नंबर, आधार कार्ड, बैंक पासबुक तथा खसरा एवं खतौनी का विवरण दर्ज करना होगा। भामाशाह भाव स्थिरता कोष योजना के अंतर्गत भाव गिरने की स्थिति में पात्र किसानों को आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। एक किसान को अधिकतम 200 कुंतल तक का लाभ मिल सकेगा।
इसी प्रकार निजी शीतगृहों में भंडारित आलू पर भंडारण प्रभार में छूट की योजना लागू की गई है। योजनान्तर्गत अधिकतम अनुमन्य क्षेत्रफल 02 हेक्टेयर है। आलू के भंडारण प्रभार पर ₹100 प्रति कुंतल की दर से अनुदान देय होगा तथा अधिकतम 200 कुंतल की मात्रा पर अधिकतम ₹20,000 तक का अनुदान प्राप्त किया जा सकेगा।
जिला उद्यान अधिकारी ने जनपद के आलू उत्पादक किसानों से अपील की है कि वे पोर्टल पर अपना पंजीकरण अवश्य करा लें, जिससे निजी शीतगृह में भंडारित आलू के भाड़े पर छूट, भाव स्थिरता योजना का लाभ तथा विभागीय आलू बीज पर देय अनुदान का लाभ प्राप्त किया जा सके। योजनाओं के संबंध में अधिक जानकारी प्राप्त करने के लिए आलू उत्पादक किसान किसी भी कार्य दिवस में कार्यालय जिला उद्यान अधिकारी, आगरा में संपर्क कर सकते हैं।