प्रथम पूज्य के आशीष से गूंजा रावतपाड़ा, गणेश जी की सवारी से रामलीला महोत्सव का शुभारंभ
ढोल-नगाड़ों और जयघोष के बीच निकला नगर भ्रमण, जगह-जगह श्रद्धालुओं ने उतारी आरती और की पुष्पवर्षा; आज निकलेगी रावण की दुहाई
आगरा के ऐतिहासिक रावतपाड़ा से सोमवार को प्रथम पूज्य भगवान श्री गणेश जी की भव्य सवारी के साथ श्री रामलीला महोत्सव का शुभारंभ हुआ। गणपति पूजन और आह्वान के बाद निकली सवारी में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बना। ढोल-नगाड़ों, भक्ति संगीत और ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयघोष से रावतपाड़ा से लेकर शहर के प्रमुख बाजारों तक वातावरण भक्तिमय हो गया। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं और व्यापारियों ने भगवान गणेश जी की आरती उतारी और पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।
श्री रामलीला कमेटी के अध्यक्ष एवं विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल के नेतृत्व और महामंत्री राजीव अग्रवाल के संयोजन में आयोजित गणेश जी की सवारी में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। मुख्य अतिथि मेयर हेमलता दिवाकर ने प्रथम पूज्य भगवान गणेश जी की आरती उतारकर सवारी का शुभारंभ किया।
अध्यक्ष पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने कहा कि श्री गणेश जी की प्रथम पूजा के साथ रामलीला महोत्सव के प्रत्येक शुभ कार्य का श्रीगणेश होता है। विघ्नहर्ता का आशीर्वाद पूरे आयोजन को निर्विघ्न और मंगलमय बनाने की कामना का प्रतीक है। वहीं महामंत्री राजीव अग्रवाल ने कहा कि श्री रामलीला महोत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आगरा की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक परंपरा का जीवंत स्वरूप है। गणेश जी की सवारी इसी परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसमें शहर के बाजार, व्यापारी और श्रद्धालु पीढ़ियों से सहभागी बनते आ रहे हैं।
आरती और पुष्पवर्षा से हुआ स्वागत
गणेश जी की सवारी स्व. लाला चन्नोमल जी की बारहद्वारी, गली मनःकामेश्वर और रावतपाड़ा चौराहा स्थित मुन्नालाल पेठे वाले से प्रारंभ हुई। इसके बाद सवारी रावतपाड़ा, जौहरी बाजार, सुभाष बाजार, दरेसी नंबर-1, दरेसी नंबर-2, छत्ता बाजार, कचहरी घाट, बेलनगंज, पथवारी, धूलियागंज, घटिया छिलीईंट, फुलट्टी बाजार, सेब का बाजार, किनारी बाजार और कसेरट बाजार होते हुए वापस रावतपाड़ा पहुंचकर संपन्न हुई।
पूरे मार्ग में घरों और प्रतिष्ठानों से श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश के दर्शन किए और मंगलकामना की। कई स्थानों पर लोगों ने आरती उतारी और पुष्पवर्षा कर प्रथम पूज्य का स्वागत किया। गणपति के जयघोष के बीच सवारी के नगर भ्रमण ने धार्मिक आस्था के साथ शहर की सामाजिक सहभागिता की तस्वीर भी पेश की।
आज निकलेगी रावण की दुहाई की सवारी
रामलीला महोत्सव की अगली कड़ी में मंगलवार, 29 सितंबर को शाम छह बजे रावण की दुहाई की सवारी निकाली जाएगी। इसमें दशानन रावण के साथ विभीषण, कुंभकरण, मेघनाथ, अहिरावण और सूर्पनखा अट्टहास करते हुए नगर भ्रमण करेंगे। कमेटी पदाधिकारियों ने शहरवासियों और श्रद्धालुओं से धार्मिक उत्साह के साथ आयोजन में सहभागिता की अपील की है।
इस अवसर पर विनोद जौहरी, मुकेश जौहरी, प्रवीण स्वरूप, अंजुल बंसल, महेश चंद्र अग्रवाल, मनोज अग्रवाल, रामांशु शर्मा, प्रकाश अग्रवाल, राम राहुल शर्मा, दिलीप अग्रवाल, विनय बंसल, रामाशीष शर्मा, अरविंद अग्रवाल, आयुष अग्रवाल, मनीष शर्मा, सौरभ गौतम, अनुज अग्रवाल, राम अभिषेक शर्मा और राहुल गौतम सहित अन्य लोग मौजूद रहे।