आगरा में कमरे के अंदर किसान की लाश मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका
बाहर से लगी थी कमरे की कुंडी, मुख्य गेट अंदर से बंद; फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने जुटाए साक्ष्य
आगरा। थाना अछनेरा क्षेत्र के गांव सहाई में शुक्रवार सुबह कमरे के अंदर एक किसान का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान धर्मवीर पुत्र दिगंबर सिंह (45) के रूप में हुई है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से मामले की गहनता से जांच कर जल्द खुलासे की मांग की है।
बताया गया कि धर्मवीर रोजाना की तरह सुबह पशुओं के लिए सानी करने जाते थे, लेकिन शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे तक वह घर नहीं पहुंचे। काफी देर तक उनके नहीं आने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। इसी दौरान रोड किनारे स्थित प्लाट पर बने कमरे पर ताला-कुंडी लगी मिली।
मृतक के भतीजे सौरभ सोलंकी के मुताबिक, धर्मवीर के मोबाइल पर फोन किया गया तो कमरे के अंदर से फोन की घंटी सुनाई दी। इसके बाद वह छत के रास्ते अंदर पहुंचा। कमरे की कुंडी बाहर से लगी हुई थी, जबकि मुख्य गेट अंदर से बंद था। अंदर जाकर देखा तो धर्मवीर का शव पड़ा था।
सूचना मिलते ही डीसीपी वेस्ट आदित्य कुमार और थाना अछनेरा पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को भी मौके पर बुलाया। दोनों टीमों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर मौत की वजह पता लगाने में जुटी है।
बताया गया कि धर्मवीर अविवाहित थे। वह मंदिर की सेवा करने के साथ भजन-कीर्तन करते थे और रोजाना गांव की परिक्रमा भी करते थे। उनकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं।
परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस से मामले की हर पहलू से जांच कर घटना का जल्द खुलासा करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।