आगरा की ऐतिहासिक रामलीला पर तैयारियों का सवाल, मैदान में टूटा मंच-झोपड़ियां बरकरार; महापौर ने दिए तीन दिन में व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

मंगलवार, 22 सितंबर 2026

आगरा की ऐतिहासिक रामलीला पर तैयारियों का सवाल, मैदान में टूटा मंच-झोपड़ियां बरकरार; महापौर ने दिए तीन दिन में व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश

आगरा की ऐतिहासिक रामलीला पर तैयारियों का सवाल, मैदान में टूटा मंच-झोपड़ियां बरकरार; महापौर ने दिए तीन दिन में व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश

रामलीला शुरू होने में चंद दिन बाकी, मैदान में बिखरे पत्थर और अधूरी सफाई देख कमेटी ने महापौर के साथ किया निरीक्षण

आगरा। उत्तर भारत की प्रसिद्ध श्री रामलीला के भव्य आयोजन में अब कुछ ही दिन शेष हैं, लेकिन रामलीला मैदान की तैयारियां अभी अधूरी हैं। मैदान में जगह-जगह पत्थर पड़े हैं, मंच क्षतिग्रस्त है और झोपड़ियां भी अब तक नहीं हटाई गई हैं। सफाई व्यवस्था भी पूरी तरह दुरुस्त नहीं हो सकी है। ऐसे में रामलीला कमेटी ने महापौर हेमलता दिवाकर के साथ मैदान का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को जल्द पूरा कराने की मांग की।

निरीक्षण के दौरान विधायक एवं श्री रामलीला कमेटी के अध्यक्ष पुरुषोत्तम खंडेलवाल और महामंत्री राजीव अग्रवाल ने महापौर को मैदान की मौजूदा स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि रामलीला आयोजन के लिए अब बहुत कम समय बचा है। ऐसे में मैदान को जल्द खाली कराने के साथ मंच की मरम्मत, पत्थरों को हटाने, सफाई, प्रकाश व्यवस्था समेत अन्य जरूरी कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरे कराए जाने की आवश्यकता है।

कमेटी अध्यक्ष पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने कहा कि रामलीला आगरा की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान से जुड़ा प्रमुख आयोजन है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु और दर्शक यहां पहुंचते हैं, इसलिए आयोजन से पहले मैदान की सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त होना जरूरी है। उन्होंने महापौर से मैदान को जल्द रामलीला आयोजन के अनुरूप तैयार कराने का आग्रह किया।

महामंत्री राजीव अग्रवाल ने मैदान में क्षतिग्रस्त मंच, पड़े हुए पत्थरों, झोपड़ियों और अधूरी सफाई की ओर महापौर का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने कहा कि दर्शकों और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए सभी जरूरी काम समय रहते पूरे किए जाने चाहिए।

निरीक्षण के दौरान महापौर हेमलता दिवाकर ने मौके पर मौजूद नगर निगम अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार को निर्देशित किया कि रामलीला मैदान की व्यवस्थाओं को प्राथमिकता पर लेते हुए तीन से चार दिन के भीतर आवश्यक कार्य पूरे कराए जाएं। महापौर ने मैदान को खाली कराने, सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने, क्षतिग्रस्त मंच की मरम्मत कराने और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं जल्द पूरी कराने के निर्देश दिए।

इस दौरान विजय प्रकाश गोयल, मुकेश जौहरी, विष्णु दयाल बंसल, अंजुल बंसल, मनोज अग्रवाल, संजय तिवारी, ताराचंद अग्रवाल, महेश चंद्र अग्रवाल, अजय अग्रवाल, गिरधार अग्रवाल, राहुल शर्मा, राहुल गौतम, प्रसून मंगल और संजय अग्रवाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

video

Pages