बालिका से गलत काम का आरोप, फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी; एकता पुलिस ने आरोपी को दबोचा
परिजनों से शिकायत करने पर विवाद और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप, आलम शूज शोरूम के पास से हुई गिरफ्तारी
आगरा। थाना एकता क्षेत्र में बालिका के साथ जबरन गलत काम करने और उसकी फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी आकाश गौतम पुत्र धनमान सिंह को आलम शूज शोरूम के पास से दबोच लिया।
पुलिस के अनुसार, थाने में दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया कि आकाश नामक युवक ने वादिया की बेटी के साथ जबरन गलत काम किया और उसका वीडियो बना लिया। आरोप है कि युवक वीडियो को वायरल करने की धमकी दे रहा था।
मामले की जानकारी मिलने के बाद जब बालिका के परिवार वालों ने आरोपी के परिजनों से शिकायत की तो उनके साथ विवाद किया गया और उन्हें वहां से भगा दिया गया। आरोप है कि इसके बाद आकाश ने बालिका के परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी।
तहरीर के आधार पर थाना एकता में मुकदमा अपराध संख्या 491/2026, धारा 64(1), 352, 351(3) बीएनएस तथा पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम आरोपी की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आकाश गौतम को आलम शूज शोरूम के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।